चारधाम सहित बाकी स्थानों पर आए पर्यटकों को समुचित व्यवस्था करने के लिए जिलाधिकारी और SSP को निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में आने वाले यात्रियों और पर्यटकों से चेतावनी के दिनों में यात्रा से परहेज करने की अपील की है।
Updated Date
देहरादून, 18 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम विभाग की चेतावनी और बारिश को लेकर राज्य के सभी स्कूलों को 18 अक्टूबर यानी आज बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चारधाम सहित बाकी स्थानों पर आए पर्यटकों को समुचित व्यवस्था करने के लिए जिलाधिकारी और SSP को निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य में आने वाले यात्रियों और पर्यटकों से चेतावनी के दिनों में यात्रा से परहेज करने की अपील की है।
अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश
रविवार को सचिवालय में CM पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों और एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य, जिलों और तहसील स्तरों पर कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित हों। जिलों से इन दो दिनों में हर घंटे रिपोर्ट भेजी जाए। कोई घटना होने पर उसकी सूचना तुरंत दी जाए। रेस्पॉन्स टाइम कम से कम होना चाहिए।
प्रदेश के सभी स्कूलों 18 अक्टूबर को बंद
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से उनकी तैयारियों, बारिश की स्थिति आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी स्कूलों में 18 अक्टूबर को अवकाश रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जिन जिलों में अवकाश कर भी दिया गया है। जिन जिलों में नहीं किया गया है, वो भी एहतियातन सोमवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दें।
पर्यटक और तीर्थयात्रियों को दी जाए हर सुविधा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस समय बड़ी संख्या में पर्यटक और तीर्थयात्री प्रदेश में आए हुए हैं। जरूरी होने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराते हुए उनके रहने और भोजन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही ना हो। पर्यटक और तीर्थयात्री यहां से अच्छा संदेश लेकर जाएं।
नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। ITBP, CWC, BRO, SDRF, राजस्व, पुलिस आदि आपसी समन्वय से काम करें। ट्रैकर्स के बारे में पूरी सूचना रखी जाए और उनसे सम्पर्क रखें। लैंडस्लाइड जोन पर विशेष ध्यान रखा जाए। रास्ते बंद होने पर तुरंत खोलने की व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि ये भी सुनिश्चित कर लिया जाए कि भूस्खलन आदि स्थिति में लोग कहीं फंसे नहीं। वो सुरक्षित स्थानों पर ठहरें। आपदा बचाव और राहत संबंधी उपकरण सुचारू स्थिति में हों। किसी तरह के पैनिक की भी जरूरत नहीं है। जिलाधिकारी, एसएसपी खद हालातों की मॉनिटरिंग करें।
वहीं सीएम के साथ हुई बैठक में आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ धन सिंह रावत, विधायक संजय गुप्ता, मुख्य सचिव डॉ एस एस संधु, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।