पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर कुछ लोगों ने हमला किया। इस हमले में 20 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए हैं।
Updated Date
तमलुक, 23 अगस्त। पूर्व मेदिनीपुर जिले के पांसकुड़ा में रविवार रात को भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला किया गया है। इस हमले में 20 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस नेता अनिसुर रहमान और उनके समर्थकों ने भाजपा नेता के काफिले पर हमला किया और काले झंडे दिखा कर गो बैक के नारे भी लगाए।
दरअसल, तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले सुकुमार भुइयां पूर्व मेदनीपुर जिले के पांसकुड़ा नगरपालिका अंतर्गत 18 नंबर वार्ड के पार्षद अनिसुर रहमान के द्वारा आयोजित दुआरे सरकार कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में भुइयां की तृणमूल नेताओं के साथ कहासुनी हुई। आरोप है कि उनके साथ मार पीट भी की गई, जिससे उनके कान में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर रविवार रात भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी भुइयां से मिलने उनके घर गए थे। आरोप है कि भुइयां के घर से लौटते समय शुभेन्दु के काफिले पर कुछ स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। हमला करने वाले स्थानीय लोगों ने गाड़ी के सामने खड़े होकर ‘गो बैक’ के नारे लगाये और काले झंडे भी दिखाए। इस हमले में भाजपा के 20 कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जमकर पिटाई की गई और उनके साथ सात-आठ भाजपा कार्यकर्ताओं की बाइक की क्षतिग्रस्त कर दी गई। शुभेन्दु के हमले को लेकर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया गया है।
इस संबंध में तृणमूल कांग्रेस के तमलुक सांगठनिक जिला के अध्यक्ष देव प्रसाद मंडल ने कहा कि हमारे पास ऐसी कोई खबर नहीं है। भाजपा या शुभेंदु अधिकारी के ऊपर हमने की बात पूरी तरह झूठी है। उन्होंने कहा कि किसने किस पर हमला किया इसकी जांच करना पुलिस के हाथ में है।
हिन्दुस्थान समाचार