यह बैठक आगामी चुनाव के लिए उपयोगी साबित होगी।
देहरादून, 27 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक उत्तराखंड सहित देश के अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद है। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया है। यह संकल्प लिया गया है कि देवभूमि बैठक से ऊर्जा का संचार लेकर सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री का संकल्प मातृ गौरव और महिला सशक्तिकरण योजना महिलाओं के विकास में उपयोगी साबित हो रहा है।
मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री सुखप्रीत कौर ने सोमवार को पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए कहा कि यह बैठक आगामी चुनाव के लिए उपयोगी साबित होगी। यहां से हम सब संकल्प लेकर अपने क्षेत्र में जाएंगे। भाजपा सरकार में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक कल्यणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। यह महिलाओं के लिए उपयोगी साबित हो रही हैं।
सुखप्रीत कौर ने कहा कि भाजपा में महिलाओं की अहम भागीदारी है। बैठक में इस बात पर विचार-विमर्श किया गया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में महिला मोर्चा की अधिक से अधिक भागीदारी हो। उन्होंने कहा कि महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। महिलाओं को स्वावलंबी, आर्थिक रूप से मजबूत करने और राजनीति में मुख्यधारा में जुड़ने के लिए फोर ई सेंटर का आज शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से महिलाओं को संबंधित योजनाओं का लाभ एक केंद्र पर मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने महिला मोर्चा की इकाइयों को मजबूत करने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियों से महिलाओं को नवाजा है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित की गई महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव आगामी चुनाव के साथ महिलाओं के विकास में हितकारी साबित होगा।