भाजपा का बूथ विजय अभियान 11 सितंबर यानी आज से शुरू हो गया। यह अभियान विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर मतदान के दिन तक चलाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा का बूथ विजय अभियान 11 सितंबर यानी आज से शुरू हो गया। यह अभियान विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर मतदान के दिन तक चलाया जाएगा। इसका आगाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। आइए जानते हैं उनके संबोधन की कुछ प्रमुख बातें…
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को अपना संबोधन शुरू करते हुए पार्टी और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और आगे कहा कि
मैं विश्व के लोकप्रिय नेता पीएम नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश की महान संस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक समृद्धि को सुरक्षित रखने के लिए अनेकों प्रयास किए हैं। आगे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनका संबंध उत्तर प्रदेश से रहा, उन्होंने देश और दुनिया को राजनीति के एक नए संस्कार से जोड़ते हुए महान भारत देश की सेवा की। मैं ऐसी महान विभूति को भी नमन करता हूं।
मोदी जी के नेतृत्व में 2017 में भाजपा ने 325 सीटे जीतकर इतिहास रचा था। 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश की जनता ने विकास की राजनीति को अपना समर्थन दिया था। भाजपा संघर्ष से समाधान की यात्रा से बनी है। पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी ताकत है, हम बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर यहां तक पहुंचे हैं। हमारे हर कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है।
मुझे खुशी भी है और पूर्ण विश्वास भी है कि उत्तर प्रदेश की जनता का भरपूर आशीर्वाद योगी आदित्यनाथ की सरकार को मिलेगा। जनता के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में पुनः प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनना तय है।
जे पी नड्डा ने इस दौरान 27,700 शक्ति केंद्र प्रभारियों को वर्चुअली संबोधित कर बूथ को जीतने का मंत्र दिया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ का मंत्र दिया है। पार्टी की ओर से करीब 1.60 लाख बूथों पर बूथ समितियों का गठन कर उसका सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद बूथ विजय अभियान के तहत अब 20 सितंबर तक पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जाएगी।
24 सितंबर को पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन होगा। इसमें पन्ना प्रमुखों को उनके कामकाज का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन होगा। राठौर ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में भी बूथ समितियों के सदस्य नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ उन्हें पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे। बूथ विजय अभियान के तहत और कार्यक्रमों के कुशल आयोजन से जन समर्थन प्राप्त कर के दिखायेंगे ।