यूपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी सरकार में अपराधी डर के कही छुप गए हैं।
गाजियाबाद, 08 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के राज में अपराधी थर-थर कांप रहे हैं। भ्रष्टाचार बिल्कुल नहीं बचा है। जनता योगी सरकार के कार्यों से उत्साहित हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका लाभ भाजपा को मिलेगा।
भारतीय जनता पार्टी वोट बैंक व तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती
श्री सिंह ट्रांस हिंडन क्षेत्र स्थित कृष्णा इंजीनियरिंग काॅलेज में भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकारें बहुत ही ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही हैं और जनहित में अपने कार्य को अंजाम दे रही है। जिससे जनता बेहद उत्साहित हैं । श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वोट बैंक व तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती बल्कि जनहित में राजनीति करती है। भारतीय जनता पार्टी देश में ऐसी पार्टी है जिसे कार्यकर्ता चलाते हैं।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार के जमाने में प्रदेश की कानून व्यवस्था व भ्रष्टाचार पूरी तरह से नियंत्रित है। अपराधी थर-थर कांप रहे हैं। किसी की हिम्मत नहीं है कि किसी की तरफ आंख उठा कर देख लें। आने वाले समय में चुनाव में योगी पुनः सत्ता पर काबिज होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार