भोपाल में डेंगू के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए मुख्यमंत्री ने एक विशेष अभियान शुरू किया है।
भोपाल, 15 सितंबर। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार सुबह ‘डेंगू से जंग-जनता के संग’ अभियान का शुभारंभ नेहरू नगर स्थित पलकमती कॉलोनी से किया। अभियान में जनता को जोड़कर सप्ताह में एक दिन पानी एकत्रित करने वाली जगह को साफ करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, प्रदेश में एंटी लार्वा गतिविधियों को तेज किया जाएगा। अभियान के तहत जनता को घरों में कूलर, वॉटर टैंक और आसपास गड्ढों में जमा पानी को हटाने व सफाई के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। आवश्यक स्थानों पर फॉगिंग की व्यवस्था की जाएगी।
राजधानी भोपाल में मंगलवार को डेंगू के 9 नए केस मिलने के साथ ही यहां मरीजों की संख्या 203 पहुंच गई है। इनकी संख्या कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग राजधानी के कई क्षेत्रों में रैपिड टेस्ट, डेंगू लार्वा, ब्लड स्लाइड कलेक्शन व मलेरिया व कोरोना से सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी अखिलेश दुबे ने बताया कि मलेरिया की रोकथाम के लिए विभिन्न क्षेत्रों में दल नियुक्त कर अभियान चलाया जा रहा है। भोपाल में कई लोगों की रैपिड टेस्ट से मलेरिया की जांच की गई।
हिन्दुस्थान समाचार