अगर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करना है, तो एक ही काम करना है- जो हमारे कार्यकर्ता हैं, उनकी शक्ति का आदर करना है। जिस दिन कांग्रेस के कार्यकर्ता के दिल में ये बात आ गई कि मेरी आवाज़ सुनी जाती है, तो उस दिन कांग्रेस पार्टी 450 सीटें जीत जाएगी- राहुल गांधी
जम्मू, 10 सितंबर। “जब भी मैं जम्मू-कश्मीर आता हूं, ऐसा लगता है कि मैं अपने घर आ गया हूं। मेरे परिवार का जम्मू-कश्मीर से पुराना रिश्ता है।” ये कहना है कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का। जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि सबसे पहले श्रीनगर, उसके बाद जम्मू और अब वो लद्दाख जाने की योजना बना रहे हैं। जल्द ही वो लद्दाख के लोगों के बीच जाएंगे और उनसे भी मिलेंगे। राहुल गांधी ने केंद्र की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि आज देश की जनता परेशान हो चुकी है। महंगाई आसमान छू रही है। गरीब आदमी के लिए परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल होता जा रहा है। इस मैके पर पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर के साथ ही कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार