भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर लगाए गए आरोपों पर पार्टी से प्रतिक्रिया की मांग की है।
नई दिल्ली, 19 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर लगाए गए आरोपों पर पार्टी से प्रतिक्रिया की मांग की है। पार्टी का कहना है कि अमरिंदर की ओर से सिद्धू को ‘देश विरोधी’ करार देने के बाद क्या पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पर कोई कार्रवाई करेगी।
कांग्रेस दे सिद्धू पर लगे आरोपों का जवाब
बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को कांग्रेस पार्टी और उसके नेतृत्व से इन मुद्दों पर अपना पक्ष साफ करने को कहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने उदाहरण दिया है कि किस तरह सिद्धू ने भारत पर आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान जाकर वहां के सेना प्रमुख को गले लगाया था।
कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका मामले पर चुप्प क्यों?
जावड़ेकर ने कहा कि अमरिंदर ने सिद्धू को देश विरोधी करार दिया है। देश के मन में ये मुद्दा पहले से ही था। अमरिंदर सिंह ने इसे मुखर कर दिया है। बीजेपी का सवाल है कि कांग्रेस पार्टी या सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका इसपर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं?। बीजेपी मांग करती है कि इतना बड़ा संगीन आरोप लगाने के बाद कांग्रेस को इसपर अपना पक्ष रखना चाहिए और बताना चाहिए कि सिद्धू के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी?।
बतादें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू से कई दिनों से चली आ रही खिंचातान के बाद इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने सिद्धू पर देशद्रोही होने के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि सिद्धू पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के दोस्त हैं।