सीएम योगी ने कहा कि हमारा व्यक्तिगत जीवन हो या सार्वजनिक जीवन हर एक स्तर पर भगवान के आदर्श को जीवन का हिस्सा मानकर उस पथ का अनुसरण करना चाहिए।
Updated Date
गोरखपुर, 16 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा के साथ मानसरोवर रामलीला स्थल पहुंचे, जहां भगवान राम का उन्होंने तिलक किया। इस दौरान उन्होंने भगवान राम के चरित्र को अपनाने की लोगों से अपील की।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विजयदशमी का त्यौहार पूरे देश के अंदर और दुनिया में जहां कहीं भी भारत का नागरिक निवास करता है, इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाता है। इस पर्व को सम-विषम परिस्थिति में अपने घर अपने परिवार के बीच मनाता है। भगवान श्रीराम ने युगों पहले अत्याचार और उत्पीड़न के प्रतीक रावण का वध किया था। इस घटना को आज भी हम रामलीला के जरिए से देखते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि हमारा व्यक्तिगत जीवन हो या सार्वजनिक जीवन हर एक स्तर पर भगवान के आदर्श को जीवन का हिस्सा मानकर उस पथ का अनुसरण करना चाहिए। विषम परिस्थितियों में धैर्य ना खोकर चुनौती का सामना करना चाहिए। सदैव सत्य के मार्ग का अनुसरण ही करना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि मध्यकाल में जब विदेशियों के चलते संस्कृति खतरे में पड़ी थी, तब तुलसीदास ने राष्ट्रीय चेतना और संस्कृति की रक्षा के लिए ऐसे आयोजनों की शुरुआत की थी। रामलीला सांस्कृतिक जागरण का एक सशक्त माध्यम है। जो गांव-गांव में एक नई प्रेरणा दे रहा है और इसी प्रेरणा से हम सभी जुड़े हैं।
हिन्दुस्थान समाचार