फडणवीस ने कहा कि तीनों कृषि सुधार कानून वापस लेने पर जो लोग आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं, उन्होंने कभी भी किसानों का हित नहीं चाहा है।
मुंबई, 20 नवंबर। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि तीनों कृषि सुधार कानूनों को वापस लेना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महानता है। इससे पहले इस तरह का ऐतिहासिक फैसला लेने की क्षमता किसी में नहीं थी।
फडणवीस ने नासिक में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि तीनों कृषि सुधार कानून वापस लेने पर जो लोग आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं, उन्होंने कभी भी किसानों का हित नहीं चाहा है। कांग्रेस शासनकाल में कृषि बजट सिर्फ 35 हजार करोड़ का रहता था, जो प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में बढ़कर 1 लाख 35 हजार करोड़ हो गया। देश का किसान जान रहा है कि उसके लिए काम कौन कर रहा है। महाराष्ट्र के किसानों को केंद्र सरकार की ओर से 9 हजार करोड़ रुपये मिले हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने किसान हित में तीन कृषि कानून बनाए थे, लेकिन उसके लिए सभी की सहमति नहीं बन सकी तो उन्होंने लोकतंत्र का सम्मान करते हुए तीनों कानून वापस लिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार