केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से पशु व पक्षियों के शिकार को रोकने के उद्देश्य के लिए एयर गन सरेंडर अभियान शुरु किया गया है।
नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। पशु- पक्षियों के शिकार को रोकने के लिए केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय एयर गन सरेंडर करने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान से सेवानिवृत्त वनकर्मी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि आदि को जोड़ा जाएगा। पशु-पक्षियों को शिकार से बचाने के लिए एवं उनके संरक्षण के लिए अरुणाचल सरकार ने इसकी शुरुआत की है।
गुरुवार को केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि पूरे देश में एयर गन सरेंडर अभियान चलाया जाएगा। इस दिशा में अरुणाचल सरकार के एयर गन सरेंडर अभियान एक अहम कदम है। इस पहल को दूसरे राज्यों को भी अपनाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि एयर गन में कोई लाइसेंस नहीं लगता है। ऐसे में हमारे देश में काफी लोग हर जिले और गांव में एयर गन के जरिए पक्षियों का शिकार करते हैं। इसके चलते बहुत से पक्षियों की तादाद तेजी से कम होती जा रही है। इसे बचाने के लिए अरुणाचल प्रदेश ने एयर गन सरेंडर करने का अभियान शुरू किया है।
हिन्दुस्थान समाचार