Flydubai incident : गुजरात सरकार फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छर को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। कैप्टन स्मित ने दुबई-तेल अवीव उड़ान के दौरान हुई एक गंभीर घटना के बीच असाधारण साहस दिखाते हुए एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की।
पढ़ें :- लगातार चौथे दिन धड़ाम हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 571 अंक गिरा; निफ्टी 0.88 प्रतिशत नीचे
पटेल ने कहा कि हमले के बाद घायल होने और खून बहने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने असाधारण साहस का परिचय दिया और विमान में सवार सभी 174 यात्रियों की जान बचाने में मदद की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में पटेल ने कहा कि दुनिया कैप्टन के साहस को सलाम कर रही है। उन्होंने उनके इस कदम को “बेहद प्रेरणादायक और सराहनीय” बताया।
उन्होंने कहा कि गुजराती मूल के कैप्टन मच्छर ने अपनी बहादुरी से गुजरात और देश का गौरव बढ़ाया है। पटेल ने कहा, “उनकी असाधारण बहादुरी और मानवता के इस कार्य के सम्मान में गुजरात सरकार कैप्टन स्मित मच्छर को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करेगी।”
उन्होंने कहा कि पूरा राज्य कैप्टन मच्छर के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी X पर पोस्ट कर पुरस्कार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमले में “गंभीर रूप से घायल” होने के बावजूद कैप्टन मच्छर ने असाधारण साहस दिखाया और 174 लोगों की जान बचाई।
संघवी ने कहा, “गुजरात कैप्टन स्मित मच्छर को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करता है।” उन्होंने कहा कि दुनिया उनके साहस को सलाम कर रही है और गुजरात को अपने “बहादुर बेटे” पर गर्व है।
पढ़ें :- महिला सदस्य के रूप में डॉ.मीनाक्षी भराला का कार्यकाल बढ़ा, सितंबर 2027 तक रहेगा पद
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के सूत्रों ने IANS को बताया कि राज्य सरकार ने कैप्टन मच्छर के साहसिक कदम के सम्मान में उन्हें 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की भी घोषणा की है। यह घोषणा उस घटना के एक दिन बाद हुई है, जिसमें कैप्टन मच्छर फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में सवार थे। यह बोइंग 737 MAX 8 विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था।
विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। आरोप है कि सह-पायलट ने कॉकपिट के अंदर कैप्टन मच्छर पर हमला कर दिया। इसके बाद विमान अचानक तेजी से नीचे उतरने लगा। विमान को सऊदी अरब के ताबुक की ओर मोड़ दिया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों को अंदर आने और हमलावर को काबू करने में मदद मिली। इसके बाद दो यात्रियों ने विमान का नियंत्रण संभालने में मदद की और विमान को सुरक्षित रूप से ताबुक में उतारा गया।
इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत कई नेताओं ने सार्वजनिक रूप से कैप्टन मच्छर के साहस की सराहना की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को कैप्टन मच्छर के परिवार से भी फोन पर बात की और घायल पायलट को “हीरो” बताया। उन्होंने कहा कि कैप्टन के साहस ने एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। कैप्टन मच्छर के पास वाणिज्यिक विमानन क्षेत्र में 13 साल से अधिक का अनुभव और लगभग 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव है।
पढ़ें :- भारत के लिए अक्टूबर कूटनीति का व्यस्त महीना, जानें कौन सी तारीख है खास?
उन्होंने जून 2022 में फ्लाईदुबई में कैप्टन के रूप में काम शुरू किया था। इससे पहले वह 11 साल से अधिक समय तक स्पाइसजेट में कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के रूप में कार्य कर चुके हैं। घटना के बाद कैप्टन मच्छर फिलहाल सऊदी अरब में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। कॉकपिट में हुए हमले की परिस्थितियों और सह-पायलट के हमले के पीछे की वजह की जांच जारी है। फ्लाईदुबई ने पुष्टि की है कि फ्लाइट डेक में विवाद हुआ था और मामले की जांच की जा रही है।
(आईएएनएस)
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।