दशहरे पर इस बार खास योग पड़ रहे हैं। इस बार दशहरा सर्वार्थसिद्धि, कुमार एवं रवि योग में मनाया जायेगा।
Updated Date
हरिद्वार, 14 अक्टूबर। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयदशमी का पर्व शुक्रवार यानि 15 अक्टूबर को मनाया जाएगा। दशहरे पर इस बार खास योग पड़ रहे हैं। इस बार दशहरा सर्वार्थसिद्धि, कुमार एवं रवि योग में मनाया जायेगा।
ज्योतिषाचार्य पं. देवेन्द्र शुक्ल शास्त्री के मुताबिक दशहरा पर यानि 15 अक्टूबर को सर्वार्थसिद्धि योग एवं कुमार योग सूर्योदय से सुबह 9.16 बजे तक तथा रवि योग पूरे दिन-रात रहेगा। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीराम ने अहंकारी रावण का वध किया था। इसके साथ ही इस दिन ही मां दुर्गा ने असुर महिषासुर का भी वध किया था। इस कारण ही भगवान राम के साथ मां दुर्गा के भी पूजन का विधान है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग जगहों पर दशहरे का त्योहार अलग-अलग तरीके से मनाया जाता है।
शस्त्र का प्रयोग करने वाले समुदाय इस दिन शस्त्र पूजन करते हैं। कई लोग इस दिन अपनी पुस्तकों, वाहन इत्यादि की भी पूजा करते हैं। किसी नये काम को शुरू करने के लिए यह दिन सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है। कई जगहों पर दशहरे के दिन नया सामान खरीदने की भी परंपरा है। श्री शुक्ल ने बताया कि दशहरे का शुभ मुहूर्त दशमी तिथि 14 अक्टूबर को शाम 6 बजकर 52 मिनट से प्रारंभ होगी, जो 15 अक्टूबर को शाम 6 बजकर 2 मिनट पर समाप्त होगी।
पूजन का समय 15 अक्टूबर दोपहर 2 बजकर 02 मिनट से दोपहर 2 बजकर 48 मिनट तक करना श्रेष्ठ होगा।
हिन्दुस्थान समाचार