हरिद्वार के जेल में रामलीला का मंचन किया गया।
हरिद्वार, 14 अक्टूबर। जिला कारागार हरिद्वार में इन दिनों कैदियों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा है। रामलीला मंचन के दौरान बजरंगबली के लंका दहन करने के साथ पूरी जेल जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठी।
हरिद्वार जेल में बंद कैदी रामलीला का मंचन कर रहे हैं और 15 अक्टूबर को जेल में असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक दशहरा भी मनाया जाएगा। जेल में कैद कैदियों की मनोदशा बदलने के लिए हरिद्वार जेल अधीक्षक मनोज आर्य अपनी एक अलग ही सोच रखते हैं। वे अध्यात्म के सहारे जेल में कैदियों में अपराध की दुनिया छोड़ एक आम जिंदगी जीने के लिए एक नई राह दिखा रहे हैं। जिसका सहारा वो अध्यात्म के माध्यम से ले रहे हैं। बता दें कि उन्होंने पहले जेल में कृष्ण लीला और जागरण करवाया।
इस समय जेल में रामलीला का मंचन किया जा रहा है। इसमें वहां सजा काट रहे कैदी अलग-अलग भूमिकाओं में मंचन कर रहे हैं। मंचन के चौथे दिन रामलीला में हनुमान और सीता का वाटिका संवाद और लंका दहन को दर्शाया गया, जिसको देख हर कोई भगवान राम और उनके भक्त हनुमान की जय-जय कार कर रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार