ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को भोपाल में किया जाएगा। दुर्घटना के 7 दिन बाद बुधवार सुबह बेंगलुरु के बेस अस्पताल में उनका निधन हो गया।
Updated Date
भोपाल, 15 दिसंबर। कुन्नूर हेलीकॉप्टर हादसे के एक हफ्ते बाद बुधवार को ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। कैप्टन वरुण सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को भोपाल में किया जाएगा। दुर्घटना के 7 दिन बाद बुधवार सुबह बेंगलुरु के बेस अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह गुरुवार दोपहर वायु सेना के विमान से भोपाल आएगा। बतादें कि हेलीकॉप्टर क्रैश में CDS जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 13 लोगों का उसी दिन निधन हो गया था।
इस संबंध में भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की पार्थिव देह गुरुवार शाम वायुसेना के विशेष विमान से भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेगा। शुक्रवार को उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन से भोपाल में शोक की लहर है। उनके पिता रिटायर्ड कर्नल केपी सिंह, पत्नी उमा सिंह के साथ भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित सन सिटी कॉलोनी में रहते हैं। करीब 20 साल पहले वरुण सिंह का परिवार भोपाल आ गया था। वरुण सिंह पत्नी और 2 बच्चों के साथ वेलिंग्टन में रहते थे। उनके छोटे भाई तनुज नौसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर हैं। वर्तमान में उनकी मां उन्हीं के साथ रह रही थीं।
वहीं कॉलोनी रहवासी समिति के अध्यक्ष डीएस गुरुदत्त के मुताबिक वरुण सिंह भी अक्सर भोपाल आते-जाते थे। उनके पड़ोसी अनिल मूलचंदानी उन्हें याद करते हुए कहते हैं कि वरुण सिंह को जब भी छुट्टी मिलती थी, वो भोपाल आते थे। भोपाल शहर उन्हें काफी पसंद था। कॉलोनी के रहवासियों के अनुसार वो दो महीने पहले भोपाल आए थे। वरुण को अदम्य साहस के लिए 15 अगस्त को ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शौर्य सम्मान से नवाजा था। इसी के बाद उनका कॉलोनी में सम्मान किया गया था।
और पढ़ें:
Senya Dham : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में किया ‘सैन्य धाम’ का शिलान्यास