हिमाचल प्रदेश में इस मानसून बारिश से चल-अचल संपत्ति का 946 करोड़ का नुकसान हुआ, जबकि 348 लोगों की जान गई है- रिपोर्ट
शिमला, 03 सितम्बर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून सीजन में भारी बारिश के चलते प्रदेश को काफी नुकसान हुआ है। राज्य में अभी तक चल और अचल संपत्ति को करीब 946 करोड़ का नुकसान आंका गया है। ये आंकड़ा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट में सामने आया है।
बारिश से हिमाचल में किस विभाग को कितना नुकसान?
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक इस मानसून सीजन में लोकनिर्माण विभाग को सबसे ज्यादा 560 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा है। जलशक्ति विभाग की सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं को 272 करोड़ का नुकसान हुआ है। कृषि को 45 करोड़ और बागवानी को 28 करोड़ की क्षति हुई है। इसके अलावा शहरी विकास विभाग को 8 करोड़, विद्युत विभाग को 4 करोड़, ग्रामीण विकास विभाग को 2 करोड़ और शिक्षा विभाग को एक करोड़ से अधिक का नुकसान पहुंचा है।
मानसून सीजन में 348 लोगों की गई जान
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट में कहा गया है कि मानसून सीजन के दौरान राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 348 लोगों की जान गई है। इनमें सबसे ज्यादा 174 मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई। भूस्खलन के कारण 52, बाढ़ और बादल फटने से 10 लोगों की मौत हुई, पानी के तेज बहाव में बहने से 31, आगजनी में दो, सर्पदंश से 12, करंट से 6, पहाड़, छत और भवन गिरने से 45 और अन्य हादसों में 16 लोग मारे गए हैं।
वहीं रिपोर्ट के मुताबिक इस मानसून सीजन के दौरान 633 मवेशी भी मारे गए हैं। भारी बारिश की वजह से राज्य में 45 पक्के और 103 कच्चे घर पूरी तरह से तबाह हुए, जबकि 131 पक्के और 629 कच्चे घरों को आंशिक क्षति पहुंची। भारी बारिश के चलते 614 गौशालाएं, 16 दुकानें और 8 पुल भी धराशायी हुए हैं।