भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों में उपचुनावों की तारीखों पर अंतिम मुहर लगा दी है।
शिमला, 28 सितम्बर। हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। इन सीटों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा और दो नवंबर को परिणाम आएंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को चुनाव शेड्यूल की घोषणा की है।
इसके तहत उपचुनाव का गजट नोटिफिकेशन एक अक्टूबर को जारी होगा, वहीं नामांकन जमा करने की आखिरी तारीख आठ अक्टूबर है। 13 तारीख तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेगें।
गौर हो कि हिमाचल की जिन सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें मंडी लोकसभा और फतेहपुर जुब्बल-कोटखाई व अर्की विधानसभा सीटें शामिल हैं। मंडी सीट भाजपा सासंद रामस्वरूप शर्मा के निधन से खाली हुई है। फतेहपुर सीट कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया, जुब्बल-कोटखाई सीट भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा और अर्की सीट कांग्रेस विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के कारण रिक्त हुई है।
इन सभी सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होगा। दोनों दलों ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
हिन्दुस्थान समाचार