देश में बढ़ रही महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा.
हरिद्वार, 27 सितंबर। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और तेजी से बढ़ रही बेरोजगारी को लेकर आज शहर महिला कांग्रेस कमेटी की वार्ड नंबर 19 में बैठक आयोजित की गई। रसोई गैस, डीजल-पेट्रोल और घरेलू उत्पादों के दामों में हो रही बढ़ोतरी के लिए सरकार की जमकर आलोचना भी की गई।
वक्ताओं ने कहा कि विकास के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है। इससे महिलाओं को घर गृहस्थी चलाना मुश्किल हो रहा है। गोविंद घाट पर आयोजित बैठक में महिला कांग्रेस की पूर्व महानगर अध्यक्ष अंजू द्विवेदी ने कहा कि इस सरकार के शासनकाल में चूल्हे चौके से जुड़ी सभी वस्तुएं महंगी हो गई हैं। आम आदमी का गुजारा करना मुश्किल हो रहा है।
वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लता जोशी ने कहा कि भाजपा लोगों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचा रही है। महंगाई और बेरोजगारी कम करने की बजाय सरकार झूठे प्रलोभन देकर येन केन प्रकारेण सत्ता में रहने की जुगाड़ लगा रही है। इसके अलावा शहर महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अंजू मिश्रा ने भी मौजूदा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि अरबों रुपये महाकुंभ में खर्च किए गए, परंतु शहर में जगह-जगह हो रहे गड्ढे कुंभ के निर्माण कार्य की पोल खोल रहे हैं। विकास के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है। शहर में सड़क, बिजली-पानी की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव शशि झा,वार्ड नंबर 18 की अध्यक्ष रचना शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।