Morning News : पढ़ें सुबह की दस बड़ी खबर।
नई दिल्ली, 26 नवम्बर 2021
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संसद भवन के टाउन हॉल में आयोजित संविधान दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। हालांकि कांग्रेस-तृणमूल समेत कई दलों ने इसमें हिस्सा लेने से किनारा कर लिया है।
कृषि कानूनों (Farm Laws) के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन को आज एक साल पूरा हो गया। हालांकि एक साल पहले शुरू हुआ किसान आंदोलन अब भी जारी है। आपको बता दें कि किसान 29 नवंबर को संसद की तरफ ट्रैक्टर रैली निकालने वाले हैं, जिसे देखते हुए दिल्ली के गाजीपुर बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।
आज टिकरी बॉर्डर पर किसान संगठनों की महापंचायत होगी। इसमें महापंचायत में पंजाब और हरियाणा से हजारों किसान शामिल होंगे। इस दौरान बैठक में आगे की रणनीतियों पर भी चर्चा संभव है।
दिल्ली विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 26 नवंबर यानी कि आज से शुरू हो रहा है। विधानसभा सत्र में कृषि कानूनों, किसानों की मौतें और उनके परिवार को मुआवजा दिलाने, MSP को कानूनी आधार देने समेत किसानों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने पर चर्चा होगी।
रूस, भारत और चीन (आरआईसी) समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक शुक्रवार (26 नवंबर) को वर्चुअल माध्यम से होगी। इसकी अध्यक्षता विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे। इस बात की जानकारी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को दी।
सऊदी अरब ने एक दिसंबर से भारत समेत 6 देशों के यात्रियों को देश में सीधे प्रवेश करने की इजाजत दे दी है। कोरोना के चलते सऊदी अरब में प्रवेश के लिए यात्रियों को कई तरह के नियमों का पालन करना होता था।
रूस के साइबेरिया प्रांत में मौजूद एक कोयला खदान में गुरुवार को आग लग गई। इसमें जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 52 हो गई है। मरने वालों में 6 बचाव कर्मी भी शामिल हैं। रात तक 11 मजदूरों के मारे जाने की खबर थी।
आज से कॉल और इंटरनेट सेवाएं महंगी हो गई हैं। टेलिकॉम कंपनियों ने 4 दिन पहले ही अपने प्रीपेड प्लान को महंगा करने का ऐलान किया था। ऐसे में आज से टेलिकॉम कंपनियों के सभी 12 प्रीपेड प्लान महंगे हो गए हैं। अब ग्राहकों को रिचार्ज के लिए कम से कम 20 रुपए और अधिकतम 501 रुपए ज्यादा खर्च करने होंगे।
तमिलनाडु में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसको देखते हुए सरकार ने 22 जिलों में स्कूल और कॉलेज को बंद करने का आदेश दिया है।
हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म सत्यमेव जयते ने ‘बॉक्स ऑफिस’ पर अच्छी शुरुआत की है। पहले दिन फिल्म ने 3 करोड़ से ऊपर का आंकड़ा छू लिया है।