सोमवार को मध्यप्रदेश में 67,196 सैंपलों की जांच की गई। इनमें 11 पॉजिटिव और बाकी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई।
भोपाल, 06 सितम्बर। मध्यप्रदेश में कोरोना के नए मामले कभी बढ़ रहे हैं तो कभी घट रहे हैं। प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 11 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 08 मरीज संक्रमण से मुक्त होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 07 लाख, 92 हजार, 270 हो गई है। वहीं, राज्य में लगातार 15वें दिन कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। ये जानकारी स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी कोरोना से संबंधित हेल्थ बुलेटिन में दी गई।
हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, सोमवार को प्रदेशभर में 67,196 सैंपलों की जांच रिपोर्ट हासिल हुई। इनमें 11 पॉजिटिव और बाकी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आईं। पॉजिटिव मामलों का प्रतिशत 0.01 रहा। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 7,92,270 हो गई है। नए मामलों में जबलपुर के 9 और भोपाल के 2 व्यक्ति शामिल हैं। वहीं, राज्य में सोमवार को कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। यहां बीते 15 दिन से मृतकों की संख्या 10,516 पर स्थिर है।
प्रदेश में अब तक कुल 1,69,88,155 लोगों के सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इनमें कुल 7,92,270 मामले पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 7,81,629 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। इनमें से 08 मरीज सोमवार को स्वस्थ हुए। अब मध्यप्रदेश में सक्रिय प्रकरणों की संख्या 125 है। यहां सक्रिय प्रकरणों की संख्या में अब तेजी देखने को मिल रही है। एक हफ्ते पहले ये संख्या 75 पर पहुंच गई थी। अब ये 125 हो गई है।
वहीं, प्रदेश में 06 सितम्बर को 5 लाख, 33 हजार 919 लोगों का टीकाकरण किया गया। जिन्हें मिलाकर राज्य में अब तक वैक्सीन के 4 करोड़ 91 लाख 52 हजार 683 डोज लगाई जा चुकी है।