पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने बताया कि शुक्रवार को अंतिम घोषणा की जाएगी। रावत ने कहा कि नवजोत सिद्धू ने साफ रूप से कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष का फैसला उन्हें स्वीकार्य होगा।
Updated Date
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को पार्टी की राज्य इकाई में जारी गुटबाजी के बीच पार्टी नेताओं केसी वेणुगोपाल और हरीश रावत से दिल्ली में मुलाकात की। जिसके बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। सिद्धू ने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपनी चिंता के बारे में बताया है और कहा कि वो उनके निर्देशों का पालन करेंगे।
सिद्धू ने कहा कि मैंने पंजाब और पंजाब कांग्रेस के बारे में पार्टी आलाकमान को अपनी चिंता जाहीर की। मुझे कांग्रेस अध्यक्ष (सोनिया गांधी), प्रियंका जी और राहुल जी पर पूरा भरोसा है। वो जो भी फैसला करेंगे कांग्रेस और पंजाब की बेहतरी के लिए होगा। उनके निर्देशों का पालन होगा।
वहीं पार्टी के पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने बताया कि शुक्रवार को अंतिम घोषणा की जाएगी। रावत ने कहा कि नवजोत सिद्धू ने साफ रूप से कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष का फैसला उन्हें स्वीकार्य होगा। निर्देश स्पष्ट हैं कि नवजोत सिद्धू को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम करना चाहिए और संगठनात्मक ढांचा स्थापित करना चाहिए।
बतादें कि सिद्धू को जुलाई में तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कड़े विरोध के बावजूद पंजाब कांग्रेस प्रमुख बनाया गया था। पिछले महीने सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि पार्टी हाईकमान ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया था।
हिन्दुस्थान समाचार