भारतीय एथलीट प्रवीण कुमार ने 2.07 की कूद लगा पैरालिम्पिक में अपने नाम किया रजत पदक
Tokyo Paralympic: भारतीय पैरा खिलाडी प्रवीण कुमार ने पुरुष हाई जंप टी44 वर्ग में रजत पदक हासिल कर पैरालिम्पिक का 11वां पदक भारत के झोली में डाल दिया है।
नोएडा के रहने वाले 18 वर्षीय प्रवीण ने 2.07 मीटर की कूद लगाई और एशियाई रिकॉर्ड के साथ रजत पदक अपने नाम कर लिया। स्पर्धा का स्वर्ण ग्रेट ब्रिटेन के ब्रूम-एडवर्ड्स जोनाथन ने 2.10 मीटर की कूद से जीता, जबकि पोलैंड के लेपियाटो मासिएजो 2.04 मीटर की छलांग लगा कर कांस्य पदक पर कब्जा किया।
बता दें कि टोक्यो पैरालंपिक की ऊंची कूद स्पर्धा में भारत अब 4 पदक अपने नाम कर चूका है। इससे पहले ऊंची कूद की टी63 स्पर्धा में भारत के मरियप्पन थंगावेलु ने रजत और शरद कुमार ने कांस्य पदक जीता था, जबकि निषाद कुमार ने टी47 में रजत पदक हासिल किया था।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर प्रवीण को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की हाई जम्प टी44 वर्ग में रजत पदक जीतने पर प्रवीण कुमार को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया,” पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर प्रवीण कुमार पर गर्व है। यह पदक उनकी कड़ी मेहनत और अद्वितीय समर्पण का परिणाम है।उन्हें बधाई। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”
Proud of Praveen Kumar for winning the Silver medal at the #Paralympics. This medal is the result of his hard work and unparalleled dedication. Congratulations to him. Best wishes for his future endeavours. #Praise4Para
— Narendra Modi (@narendramodi) September 3, 2021
गौरतलब है कि भारत ने पैरालंपिक में अब तक 11 पदक जीत लिये हैं। भारत के खाते में अब 2 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य पदक हैं। यह पैरालंपिक के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले रियो पैरालंपिक (2016) में भारत ने 2 स्वर्ण सहित 4 पदक जीते थे।