उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने राय बरेली में 265 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। विपक्षी दलों पर भी उन्होंने जम कर हमला भी बोला।
रायबरेली, 14सितंबर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को कई रायबरेली में कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने रायबरेली को गंगा नदी पर एक नए पुल की भी सौगात दी। इसके अलावा कई पुलों, सड़कों और भवनों का भी उन्होंने लोकार्पण किया।
शहर के गोपाल सरस्वती इंटर कालेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रायबरेली और अमेठी को विकास के नाम पर धोखा मिला है, यहां की जनता से नेताओं ने झूठ बोला और जो अधिकार जनता का था, उससे उन्हें वंचित रखा।
मौर्य ने कहा कि पहले वह सोचते थे रायबरेली और अमेठी का बहुत विकास हुआ होगा, लेकिन जब हकीकत देखी तो कुछ और ही था। उन्होंने कहा कि सपा,बसपा,कांग्रेस सब ने विकास के नाम पर केवल जनता को मूर्ख बनाया है। अब भाजपा की सरकार में इस क्षेत्र का विकास हो रहा है।
सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले यूपी में गुंडागर्दी की सरकार थी, जिसमें लोगों में भय रहता था और अपराधियों का बोलबाला रहता था जबकि अब ऐसा नहीं है. भाजपा के सत्ता में आने के बाद लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि अब विपक्षी दलों के लोग डर रहे हैं कि कहीं उनकी पोल न खुल जाय. उनके भीतर यह डर सता रहे है कि उन्होंने सत्ता के दौरान जो लूट खसोट की है कहीं उसकी फाइल ना खुल जाय। साथ ही उन्हें अपने ऊपर कार्रवाई का भी डर सता रहा है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रायबरेली में कई विकासपरक योजनाओं का लोकार्पण किया और कई नई घोषणाएँ भी की। उन्होंने फतेहपुर के इटौरा घाट से रायबरेली के रालपुर तक गंगा नदी पर एक नए पुल का सौगात देते हुए कहा कि इससे न केवल रायबरेली और फतेहपुर बल्कि पूरे बुंदेलखंड का भी विकास हो सकेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने ऊंचाहार और नौबस्ता को जोड़ने वाले 88 करोड़ के खरौली पुल को भी जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया।
मौर्य ने करीब 265 करोड़ की योजनाओं को शुरू करते हुए कहा कि अन्य कोई भी विकास कार्य प्रस्तावित होंगे तो उनपर तुरंत अमल किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक रामनरेश रावत, धीरेंद्र सिंह, एमएलसी दिनेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव पाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।