सुल्तानपुर। यूपी के सुल्तानपुर जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। बदमाशों ने शनिवार की रात नगर क्षेत्र में लोको पायलट को लहूलुहान कर लूटपाट की। रात में गश्त करने वाली पुलिस की लापरवाही सामने आई। बदमाश एसपी आवास से चंद कदम की दूरी पर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
पढ़ें :- Mathura Vrindavan Holi 2026: लठमार, डोल उत्सव और रंगों की अद्भुत परंपरा
सुल्तानपुर जंक्शन से शनिवार देर रात लोको पायलट ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहा था। इसी दौरान एसपी आवास से चंद कदम की दूरी पर रेलवे क्रासिंग से बढ़ैयावीर टर्निंग पॉइंट पर मौजूद कुछ बदमाशों ने लोको पायलट दीपक कुमार यादव पर असलहे के बल पर उसका बैग छीनने की कोशिश की।
विरोध करने पर बदमाशों ने लोको पायलट के सिर पर असलहे के बट से हमला कर लहूलुहान कर दिया और तीन हजार रुपये और उसका बैग लूट लिया। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर रेलकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल लोको पायलट को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
तहरीर के आधार पर लूट और मारपीट करने की धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। घटना से नाराज रेलवे यूनियन के पदाधिकारी पंकज दूबे ने पुलिस प्रशासन से घटना के जल्द से जल्द खुलासे की मांग की है।