5 सितंबर से उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में बीजेपी का चुनावी शंखनाद, बीजेपी करेंगे 'प्रबुद्ध वर्ग' सम्मेलन की शुरुआत।
लखनऊ, 02 सितम्बर हि.स.)। 5 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में ‘प्रबुद्ध वर्ग’ सम्मेलन करेगी। इस सम्मेलन के जरिए बीजेपी समाज के कई क्षेत्रों में काम कर रहे ऐसे वर्ग जिसमें शिक्षक, प्रोफेसर, इंजीनियर, डॉक्टर, साहित्यकार कई प्रबुद्धवर्ग जनों से संवाद करेगी। इस सम्मेलन में केंद्र और प्रदेश की सरकार की ओर से जनता के हित में किये जा रहे कार्यों, सरकार की जनकल्याकारी योजनाओं, उपलब्धियों और लोक कल्याणकारी कार्यों की चर्चा होगी।
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के प्रभारी सुब्रत पाठक ने बताया इस सम्मेलन को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी सहित केन्द्रीय मंत्रीगण सम्बोधित करेगें।
श्री पाठक ने बताया कि पार्टी की ओर से प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन 5 सितंबर को प्रदेश के 17 महानगरों और 6 से 20 सितंबर के बीच प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में आयोजित किया जाएगा।
प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी में करेंगे, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह प्रयागराज, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह अयोध्या, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल लखनऊ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कानपुर, प्रदेश सहसंगठन महामंत्री कर्मवीर सहारनपुर में करेगें। इसके साथ ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा चित्रकूट, राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह मथुरा, राष्ट्रीय मंत्री विनोद सोनकर आगरा, केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान गाजियाबाद, वीके सिंह मेरठ, साध्वी निरंजन ज्योति झांसी, भानु प्रताप वर्मा मुरादाबाद, कौशल किशोर नोएडा, बीएल वर्मा बरेली, पंकज चौधरी गोरखपुर, अजय मिश्रा टेनी शाहजहांपुर में सम्मेलन में शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार