इसमें यह टिप्स दिया गया कि किस तरीके से भाजपा का चुनावी मिशन फेल करना है और बूथ जीतना है।
Updated Date
उत्तराखंड, 28 अक्टूबर। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग प्रोग्राम देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में हल्द्वानी में स्वराज आश्रम में कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इसमें यह टिप्स दिया गया कि किस तरीके से भाजपा का चुनावी मिशन फेल करना है और बूथ जीतना है।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं युवा नेता वरुण प्रताप सिंह भाकुनी ने बताया कि बूथ मैनेजमेंट के तहत बूथ प्रभारी को यह बताया गया है कि बूथ के अंतर्गत आने वाले जितने भी कांग्रेस विचारधारा के जुड़े परिवार हैं, उनका वोट शत-प्रतिशत निर्धारित समय से पहले पड़ जाना चाहिए। इसकी लिस्टिंग भी होनी चाहिए किसने वोट डाल दिया है और कितने लोग रह गए हैं। समय से सभी परिवारों के यहां मतदान वाले दिन से पहले पर्चियां पहुंच जानी चाहिए।
भाकुनी ने बताया कि कार्यकर्ताओं को ओवर कांफीडेंस में बिल्कुल भी ना रहने को कहा गया है। कुछ बूथों को मिलाकर बूथ पर्यवेक्षक रहेगा जो यह देखेगा कि बूथ स्तर पर किसी प्रकर की लापरवाही तो नही हो रही है। पार्टी की टोलियां अलग-अलग बनाकर सार्वजनिक स्थानों पर समूह में खड़े हों और भाजपा कि विफलताओं की चर्चा करें।
यह भी बताएं कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में क्या-क्या काम किए। इससे भाजपा की पोल जनता के बीच खोलने में मदद मिलेगी। उन्होंने दावा किया आने वाली सरकार कांग्रेस की है, जनता पूरा मन बना चुकी है। अगर कार्यकर्ताओं के स्तर पर चूक नहीं हुई तो जीत निश्चित है।