BJP State President : कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवादी संगठन है। हमेशा वह जनता से जुड़कर कार्य करता है।
Updated Date
देहरादून, 17 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी (BJP State President) के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक (Madan Kaushik) ने हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में पार्टी द्वारा चुनाव के लिए बनाए गए पोस्टर एवं पुस्तिका का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से भी वार्ता की। कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवादी संगठन है। हमेशा वह जनता से जुड़कर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि हम 2022 के अपने संकल्प पत्र को भी जनता का संकल्प पत्र बनाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि शुक्रवार को गढ़वाल के लिए 40 प्रचार रथ को रवाना किया जा रहा है। इस रथ में पत्र पेटिका लगाई जाएगी, जिसमें पूरे प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं और उनके संमत को जानने के बाद उसी आधार पर हमारा संकल्प पत्र तैयार होगा। उन्होंने आगे कहा कि पूरे प्रदेश में ’70 एलईडी रथ रवाना होंगे’, जो अपने साथ दृश्य-श्रव्य माध्यमों से जनता को हमारी 5 वर्ष की उपलब्धियां तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि हम अपनी उपलब्धियों के साथ कांग्रेस की नाकामियों को भी जनता तक पहुंचाएं।
मदन कौशिक ने कांग्रेस पर सवाल खड़े करते हुए पूछा कि आखिर विपक्ष के रूप में और सत्ता में रहकर कांग्रेस ने जनता के लिए क्या किया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली पर भी करारा प्रहार किया तथा कहा कि आज कांग्रेस को हमारे जनरल बिपिन रावत की फोटो लगानी पड़ रही है। उन्हीं बिपिन रावत के लिए कांग्रेस ने किन शब्दों का प्रयोग किया था यह जनता नहीं भूली होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता उत्तराखंड की जनता से माफी मांगे।
उन्होंने लगातार जनता का अपमान किया है। उत्तराखंड की जनता एक बार फिर उनको सबक सिखाएगी। जिलों के गठन के प्रश्न पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि हमने इसके लिए एक आयोग का गठन किया था। आयोग की रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि महंगाई जिसे कांग्रेस अपना प्रमुख हथियार बना रही है, इसके लिए कांग्रेस को कांग्रेस शासित राज्यों छत्तीसगढ़, राजस्थान और पंजाब की उत्तराखंड से तुलना करनी चाहिए।
कौशिक ने कहा कि हमने 10 लाख से ज्यादा रोजगार दिए हैं। इनमें तमाम औद्योगिक आस्थान, मनरेगा तथा 25 हजार से अधिक नौकरियां देने का कार्यक्रम प्रारंभ कर दिया है। हजारों नौकरियां मिल चुकी हैं और शेष पर कार्य जारी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम जनता के लिए सरकार बनाना चाहते हैं। हमारे लिए सत्ता सेवा का माध्यम है और सेवा ही जनता के लिए आवश्यक है। हम जन सेवक के रूप में जनता की सेवा करना चाहते हैं। जनता विशेषकर उत्तराखंड की जनता सब कुछ जानती है और उन लोगों को सबक सिखाएगी जो जन भावनाओं से खिलवाड़ करने का प्रयास कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार
और पढ़ें – OMICRON Alert : उत्तराखंड में कोरोना का बड़ा खतरा, इन 490 लोगों को तलाश रहा प्रशासन
अगर आप भी कर रहें हैं डेस्टिनेशन वेडिंग की प्लानिंग तो ये 5 जगहें हो सकती हैं बेस्ट