Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ब्रिक्स समिट 2026, गुंडा एक्ट और उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। लखनऊ में पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि बड़े आयोजनों से देश की छवि नहीं बनती, बल्कि राज्य सरकारों के सहयोग और लोकतांत्रिक मूल्यों से विकसित भारत का सपना पूरा होगा।
पढ़ें :- 3 दिन में 15 द्विपक्षीय बैठकें, भारत की 'कूटनीति' को मिली नई धार
ब्रिक्स समिट 2026 पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “इस तरह के आयोजन हमें कई मोर्चों पर दूसरे देशों के साथ सहयोग करने का मौका देते हैं, लेकिन ‘विकसित भारत’ के सपने को पूरा करने के लिए राज्य सरकारों का भी योगदान और समर्थन जरूरी है। आप अपनी राज्य सरकार से सवाल नहीं पूछ सकते। अगर कोई आपसे सवाल पूछता है तो आप उनके खिलाफ कार्रवाई करते हैं।
अगर आप ‘विकसित भारत’ का सपना देख रहे हैं तो लोकतंत्र में कम से कम सवाल पूछने की आजादी तो होनी ही चाहिए। सिर्फ आयोजन करने, कुछ चीजों को छिपाने या उन्हें दबाकर रखने से आपकी सही तस्वीर सामने नहीं आती।” उन्होंने खेती-किसानी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा, “आप ब्रिक्स का हिस्सा हैं। खेती-किसानी में आपने कितनी तरक्की की है? मैं आपसे पहला सवाल ‘रीजेनरेटिव एग्रीकल्चर’ के बारे में पूछता हूं।
बताइए, आप किसानों को किस फसल का सही दाम दे रहे हैं? हम कन्नौज से आते हैं और आप आलू का भी सही दाम नहीं दिला पा रहे हैं। आप किस फसल का सही दाम दे रहे हैं? आप तो खाद भी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं।” गुंडा एक्ट के दुरुपयोग पर इलाहाबाद हाई कोर्ट की टिप्पणी को लेकर अखिलेश ने योगी सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, “जब तक ये मुख्यमंत्री और ये सरकार सत्ता में हैं, तब तक कानून का राज नहीं होगा। वे मनमानी कर रहे हैं और पुलिस को खुली छूट दे रहे हैं। अगर खुद हाईकोर्ट कह रहा है कि गुंडा एक्ट का इस तरह गलत इस्तेमाल हुआ है तो इससे पता चलता है कि सरकार कैसे काम कर रही है।” (आईएएनएस)
पढ़ें :- वीकेंड पर 'Hanuman Ansh' ने फिर मचाया धमाल, फिल्म के आगे बॉक्स ऑफिस पर फीकी पड़ी अक्षय-सैफ की 'हैवान'
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।