ऑस्ट्रेलिया ने यहां खेले जा रहे चौथे एशेज टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 416 रन बनाकर घोषित कर दी है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से उस्मान ख्वाजा ने 137 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली।
पढ़ें :- IND vs SL 2nd Test : देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा लगातार दूसरा शतक, नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि
जवाब में दिन का खेल खत्म होने पर इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के 13 रन बना लिए हैं। हासिब हमीद और जेक क्राउले दो-दो रन बनाकर नाबाद हैं।
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। डेविड वॉर्नर और मार्कस हैरिस ने ऑस्ट्रेलिया को सधी शुरूआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े। 51 के कुल स्कोर पर वॉर्नर (30) को स्टुअर्ट ब्रॉड ने पवेलियन भेज ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। इसके बाद 111 रनों के कुल स्कोर पर जेम्स एंडरसन ने हैरिस (38) को पवेलियन भेज ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया। मार्नस लाबुशेन कुछ खास नहीं कर सके और 28 रन बनाकर 117 के कुल स्कोर पर मार्क वुड का शिकार बने। इसके बाद स्मिथ और ख्वाजा ने चौथे विकेट के लिए 115 रनों की साझेदारी की। 232 के कुल स्कोर पर स्टीव स्मिथ 67 रन बनाकर स्टुअर्ट ब्रॉड का शिकार बने।
ब्रॉड ने 242 के कुल स्कोर पर कैमरन ग्रीन (05) को चलता कर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया। 285 के कुल स्कोर पर एलेक्स कैरी 13 रन बनाकर जो रूट का शिकार बने। 331 के कुल स्कोर पर पैट कमिंस 24 रन बनाकर ब्रॉड का चौथा शिकार बने। 398 के कुल स्कोर पर ब्रॉड ने उस्मान ख्वाजा को बोल्ड कर अपना पांचवां विकेट लिया। ख्वाजा ने 260 गेंदों पर 13 चौकों की बदौलत 137 रन बनाए। मिचेल स्टॉर्क 34 और नाथन लियोन 16 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट पर 416 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।