Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. CTI ने सोनिया गांधी को लिखा पत्र, कहा – ‘कारोबार पर संकट…’, 1 नवंबर की रैली टालने की मांग

CTI ने सोनिया गांधी को लिखा पत्र, कहा – ‘कारोबार पर संकट…’, 1 नवंबर की रैली टालने की मांग

By HO BUREAU 

Updated Date

Ramlila Maidan Rally : CTI ने सोनिया गांधी को लिखा पत्र, कहा - 'कारोबार पर संकट...', 1 नवंबर की रैली टालने की मांग

Ramlila Maidan Rally : कांग्रेस की 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित 10 लाख लोगों की रैली को लेकर दिल्ली के व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर मांग की है कि इस रैली को दीपावली के बाद 10 या 11 नवंबर के बाद कर दिया जाए। सीटीआई ने कहा है कि राहुल गांधी को पहले ही 3 पत्र लिखकर निवेदन किया जा चुका है, लेकिन बात नहीं बनी। अब अंतिम उम्मीद सोनिया गांधी से है।

पढ़ें :- इंडिया वॉइस का 'उत्तराखंड विकास कॉन्क्लेव', CM धामी से संवाद, कई मुद्दों पर बात

सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा, “हम रैली का विरोध नहीं कर रहे हैं, हम दीपावली के पीक सीजन में अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए हाथ जोड़कर विनती कर रहे हैं। 6 नवंबर को धनतेरस है और 8 नवंबर को दीपावली है, 1 नवंबर उसकी तैयारी का सबसे पीक दिन है। अगर 1 नवंबर को 10 लाख लोग और 15 से 20 हजार वाहन मध्य दिल्ली में आए तो 20 ऐतिहासिक बाजारों में रोजाना होने वाला 10 से 12 हजार करोड़ का कारोबार ठप्प हो जाएगा।”

पत्र में 4 बड़े संकटों का जिक्र

सीटीआई ने पत्र में 4 बड़े संकटों का जिक्र किया है। सीटीआई ने पत्र में लिखा है कि रामलीला मैदान में 200 बड़ी बसों की भी पार्किंग नहीं है। 10 लाख लोगों को लाने के लिए 15,000 से 20,000 बसों, कारों और टेंपो की जरूरत पड़ेगी। ये सभी वाहन जेएलएन मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, अजमेरी गेट, चांदनी चौक रोड और बड़े बाजारों के आसपास खड़े होंगे, तब भी जगह कम पड़ जाएगी। इससे सेंट्रल दिल्ली और पुरानी दिल्ली में चक्का जाम और लॉकडाउन जैसे हालात बन सकते हैं।

सीटीआई के मुताबिक, रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में 20 बड़े थोक और रिटेल बाजार आते हैं, जो 300 साल पुराने हैं और पूरे भारत को माल सप्लाई करते हैं। इनमें चांदनी चौक, सदर बाजार, कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, जनपथ, भागीरथ पैलेस, खारी बावली, कश्मीरी गेट, नया बाजार, लाजपत राय मार्केट, चावड़ी बाजार, किनारी बाजार, दरीबा कलां, बल्लीमारान, फतेहपुरी, तिलक बाजार, करोल बाग, जामा मस्जिद, नबी करीम, गफ्फार मार्केट, अजमेरी गेट-पहाड़गंज और दरियागंज शामिल हैं।

इन बाजारों में रोजाना नरेला, बवाना, ओखला, मायापुरी, मुंडका, उद्योग नगर, मंगोलपुरी समेत 56 इंडस्ट्रियल एरिया से 5,000 ट्रक-टेंपो माल लाते हैं और यहाँ से 3,000 ट्रक रोजाना गुड़गांव, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत समेत एनसीआर के 25 शहरों और देशभर के सभी राज्यों में माल ले जाते हैं।

पढ़ें :- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे लखनऊ, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

31 अक्टूबर दोपहर से ही बसें और गाड़ियां सिंघु, टिकरी, गाजीपुर, बदरपुर जैसे दिल्ली बॉर्डर पर आनी शुरू हो सकती हैं और शाम से ही बहादुर शाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर बैरिकेडिंग लग सकती है। ट्रांसपोर्टर 31 अक्टूबर से ही गाड़ी भेजने से मना कर रहे हैं, इसलिए असर 1 नवंबर से नहीं, बल्कि 31 अक्टूबर से ही शुरू हो जाएगा।

सीटीआई की दो मांगें

सीटीआई ने बताया कि 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर सिर्फ 5,000 से 7,000 लोग आए थे तो 8 घंटे तक सेंट्रल दिल्ली जाम रही थी। अब 10 लाख लोगों के आने की बात है। सीटीआई की दो मांगें हैं। सीटीआई ने पहली मांग यह की है कि 1 नवंबर की रैली को दीपावली के बाद 10 या 11 नवंबर को कर दिया जाए, ताकि धनतेरस और दीपावली के कारोबार में कोई विघ्न न पड़े। दूसरी मांग में सीटीआई ने कहा है कि अगर रैली करनी ही है तो रामलीला मैदान से हटाकर बुराड़ी मैदान में की जाए, जहां 15,000 गाड़ियों की पार्किंग के लिए जगह है।

Disclaimer

इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

पढ़ें :- बाहुबली विधायक अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 1 दिसंबर तक करना होगा सरेंडर
Advertisement