Rajya Sabha Election : भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की खाली होने वाली सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट पर नियमित द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। तीनों राज्यों में 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना शुरू होगी।
पढ़ें :- कालकाजी मंदिर के पास 17 साल की लड़की से गैंगरेप का आरोप, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल
29 सितंबर से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इसी दिन चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
16 अक्टूबर को मतदान, शाम 5 बजे से मतगणना
राज्यसभा की सभी 12 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर 2026 तक पूरी करने की समयसीमा तय की है।
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव
उत्तर प्रदेश में 10 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। इन सीटों पर होने वाले चुनाव में अरुण सिंह, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, नीरजा शेखर, बृजलाल, प्रो. राम गोपाल यादव, रामजी, बी.एल. वर्मा, सीमा, डॉ. दिनेश शर्मा और हरदीप सिंह पुरी की सीटें शामिल हैं।
इन सभी सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होना है। निर्वाचन आयोग के दस्तावेज के मुताबिक, डॉ. दिनेश शर्मा से संबंधित सीट 11 सितंबर 2026 से ही रिक्त है।
पढ़ें :- दिल्ली मतदाता सूची विवाद : 47 लाख नाम मसौदा सूची से बाहर, 33 लाख को नोटिस, चुनाव आयोग की सफाई
उत्तराखंड की एक सीट पर भी चुनाव
उत्तराखंड में राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल भी 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। उनकी सीट के लिए भी 16 अक्टूबर को मतदान होगा। नामांकन से लेकर नाम वापसी तक की प्रक्रिया यूपी की सीटों के साथ तय कार्यक्रम के अनुसार ही चलेगी।
पश्चिम बंगाल की खाली सीट पर उपचुनाव
पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। यह सीट रुक्मिणी मलिक के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। उन्होंने 16 जुलाई 2026 को राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा दिया था। उनकी सीट का कार्यकाल 2 अप्रैल 2032 तक था।
मतदान के लिए खास निर्देश
राज्यसभा चुनाव में मतदान की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग ने विशेष निर्देश भी जारी किए हैं। मतपत्र पर उम्मीदवारों के सामने वरीयता दर्ज करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से उपलब्ध कराया गया निर्धारित बैंगनी रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जा सकेगा।
किसी अन्य पेन से मतपत्र पर वरीयता दर्ज करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस तरह उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की कुल 12 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होकर 19 अक्टूबर 2026 तक पूरी हो जाएगी।
पढ़ें :- दिल्ली वोटर लिस्ट विवाद : AAP के सवालों पर चुनाव आयोग का जवाब, मंत्रियों के सामान्य निवास पर स्थिति साफ
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।