नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का व्यवहार अब एक आर्थिक भगोड़े की तरह हो गया है। जिस तरह ईडी के हर समन के बाद केजरीवाल जांच से बचने के लिये नया बहाना प्रस्तुत करते हैं, ऐसा व्यवहार देश की जनता ने नीरव मोदी एवं विजय माल्या जैसे लोगों को करते हुए देखा था जो बाद में देश छोड़कर भी भाग गए।
पढ़ें :- IPL 2026 का आगाज़, क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह
श्री सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली की जनता हैरान है कि जिस शराब घोटाले की जांच में अरविंद केजरीवाल ने अपने मंत्री मनीष सिसोदिया एवं सांसद संजय सिंह को जुड़ने दिया पर जब जांच अपने दरवाजे पर पहुंची तो वह जांच प्रक्रिया में खोट ढूंढ़ रहे हैं और इसे राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि आम आदमी पार्टी आज एक हताश व निराश पार्टी है जिसके नेता कांग्रेस नेताओं के घर-घर जाकर सीट समझौते के लिये गिड़गिड़ा रहे हैं। श्री सचदेवा ने कहा है कि यह कहना अतिश्योक्ति न होगा कि आम आदमी पार्टी एवं अरविंद केजरीवाल यह समझ चुके हैं कि दिल्ली एवं देश की जनता की आंखों से उनकी दिखावटी ईमानदारी का पर्दा उठ गया है।