मुंबई। उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव जिले में गुरुवार की रात वाहन पर विशाल पेड़ गिर जाने से दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। जबकि तीन साथी घायल हो गए। हादसा एरंडोल-कसौदा रोड पर हुआ।
पढ़ें :- गुजरात के पोरबंदर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, तटरक्षक बल का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत
मृतकों की पहचान सहायक पुलिस निरीक्षक सुदर्शन दातिर (36) और पुलिस नायक अजय चौधरी (38) के तौर पर हुई है। वे जलगांव पुलिस बल की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में तैनात थे। घटना तब हुई जब ईओडब्ल्यू का दल एक मामले की जांच के लिए जा रहा था।
पुलिस का वाहन अंजनी बांध क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी एक विशाल व पुराना इमली का पेड़ उस पर गिर गया। जिससे वाहन में सवार पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल तीनों पुलिसकर्मियों का जलगांव के एक सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है। मालूम हो कि जलगांव मुंबई से करीब 400 किलोमीटर दूर स्थित है।