भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने भारतीय टीम मैनेजमेंट से वैभव सूर्यवंशी को धैर्य से संभालने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 15 वर्षीय बल्लेबाज के साथ बातचीत करना और उन्हें मौका न मिल पाने का कारण बताना बेहद जरूरी है। पार्थिव ने ‘जियोहॉटस्टार’ से कहा, “मुझे लगता है कि वैभव सूर्यवंशी को इस सीरीज में कभी न कभी जरूर मौका मिलेगा। हालांकि, इस समय बातचीत बहुत जरूरी है। जब आप कोचिंग स्टाफ का हिस्सा होते हैं, तो आपको यह पक्का करना होता है कि आप खिलाड़ियों से साफ-साफ बात करें। भले ही आप उन्हें नहीं खिला रहे हों, आपको उसे यह बताना होगा।”
पढ़ें :- फीफा वर्ल्ड कप: उलटफेर से बाल-बाल बचा अर्जेंटीना, हारकर भी काबो वर्डे ने जीता दिल
वैभव सूर्यवंशी को सब्र रखने की सलाह देने की जरूरत है : पार्थिव पटेल
पूर्व विकेटकीपर ने आगे कहा, “वह 15 साल का बच्चा है, इसलिए आपको उनके साथ बहुत सावधान रहने और उसे सब्र रखने की सलाह देने की जरूरत है। बहुत सारे खिलाड़ी हैं जिन्होंने सच में बहुत अच्छा किया है। संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ थे। नंबर तीन पर खेल रहे ईशान किशन आईसीसी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज हैं, जबकि अभिषेक शर्मा नंबर 2 पर हैं। इस समय, वैभव के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं है, और यह बात उन्हें बहुत अच्छे से बताने की जरूरत है।”
भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला शनिवार को मैनचेस्टर में खेला जाएगा
वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में कमाल का रहा था। उन्होंने 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 776 रन बनाए थे। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। वहीं, इसके बाद भारत ए की तरफ से खेलते हुए श्रीलंका के खिलाफ ट्राई सीरीज में भी वैभव का बल्ला खूब गरजा था। उन्होंने फाइनल मुकाबले में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक लगाते हुए तूफानी पारी खेली थी। माना जा रहा था कि वैभव को आयरलैंड के खिलाफ दो मुकाबलों की टी20 सीरीज में आजमाया जा सकता है, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल सका था। भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला शनिवार को मैनचेस्टर में खेला जाना है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट इस मुकाबले के लिए वैभव पर भरोसा दिखाता है या नहीं।
पढ़ें :- फीफा वर्ल्ड कप: स्विट्जरलैंड ने बनाई राउंड ऑफ 16 में जगह, अल्जीरिया को 2-0 से हराया
Edited by : Ankit Singh
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।