लखनऊ: महिलाओं को लेकर ट्विटर पर अभद्र टिप्पणी मामले में समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल संचालक मनीष अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद रविवार सुबह पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पुलिस मुख्यालय सिग्नेचर बिल्डिंग पहुंचे. कहा जा रहा है कि मनीष अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में अखिलेश यादव पार्टी कार्यकर्ताओं संग पुलिस मुख्यालय पहुंचे. इस दौरान एक अफसर ने अखिलेश यादव को चाय का ऑफर दिया तो उन्होंने मना कर दिया। अखिलेश ने कहा कि ‘बाहर दुकान खुल गई होगी, वहीं से मंगा लेंगे. हमें पुलिस पर भरोसा नहीं, कहीं जहर मिला दिया तो. आप अपनी चाय खुद पियो.’
पढ़ें :- अखिलेश यादव का CM योगी पर पलटवार, बोले- हम साधु-संत नहीं...सरकार बनाकर प्रदेश का विकास करना है
इस बीच बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता पुलिस मुख्यालय पहुंचे और योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. सपाइयों का कहना था कि तानाशाही नहीं चलेगी. पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रही है और सपा के किसी भी नेता को गिरफ्तार कर ले रही है.
दरअसल, सपा के ट्विटर हैंडल संचालक मनीष जगन अग्रवाल के खिलाफ बीजेपी युवा मोर्चा की महिला नेता की तरफ से हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी. जिसमें समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के ट्विटर हैंडल से चरित्र हनन, अभद्रता, धमकाने का आरोप लगाया गया था. जिसके बाद शनिवार सुबह पुलिस ने मनीष जगन अग्रवाल को गिरफ्तार किया है, उसके खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में तीन मुकदमें दर्ज हैं.
मामले की जानकारी पर गिरफ्तारी के विरोध में सपा कार्यकर्ता पुलिस मुख्यालय पहुंच गए और वहीं बैठ गए.उन्होंने कार्यकर्ता को रिहा करने की मांग की, डीसीपी सेंट्रल अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि जगन ने ट्विटर हैंडल के माध्यम से अभद्र टिप्पणी की है. इस मामले में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं. जगन को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.