Jharkhand : SIR को लेकर भाजपा के बयान पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी राजनीति अब धर्म और घुसपैठ के मुद्दे के इर्द-गिर्द सिमट गई है।
पढ़ें :- मंत्री सुदिव्य सोनू के आकस्मिक निधन पर भाजपा ने जताया गहरा शोक, राज्य की राजनीति के लिए बतलाया अपूरणीय क्षति
‘हर मुसलमान घुसपैठिया नजर आता है’
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा को अब हर मुसलमान में घुसपैठिया और हर अधिकारी में विपक्ष का एजेंट नजर आने लगा है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा पहले यह स्पष्ट करे कि उसे मतदाता सूची की जांच करनी है या धर्म के आधार पर मतदाताओं की छंटनी करनी है।
‘आपत्ति है तो कानून का रास्ता अपनाएं’
कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति की नागरिकता या मतदाता सूची में नाम को लेकर वास्तविक आपत्ति है तो कानून में इसकी पूरी प्रक्रिया तय है। उन्होंने भाजपा से कहा कि अगर उसके पास प्रमाण हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए। महज आरोपों के आधार पर किसी को घुसपैठिया करार देना उचित नहीं है।
RO पर भाजपा के आरोप को बताया हास्यास्पद
SIR प्रक्रिया के दौरान RO द्वारा Form-7 नहीं लेने के भाजपा के कथित आरोप पर भी कांग्रेस ने निशाना साधा। राकेश सिन्हा ने कहा कि अगर भाजपा को वास्तव में ऐसा लगता है कि RO ने पहले से तय कर लिया है कि Form-7 नहीं लेना है तो वह इसके प्रमाण लेकर चुनाव आयोग के पास जाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाने से चुनावी प्रक्रिया नहीं चलती।
‘दस्तावेज नहीं, आरोपों की पूरी फाइल तैयार’
राकेश सिन्हा ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को RO अधिकारी में सरकार का एजेंट नजर आ रहा है, लेकिन अपने नेताओं की बयानबाजी में चुनावी एजेंडा नजर नहीं आ रहा। उन्होंने सवाल किया कि आखिर यह कैसी राजनीति है, जिसमें दस्तावेज भाजपा के पास नहीं हैं, लेकिन आरोपों की पूरी फाइल तैयार है?
पढ़ें :- हेमंत सरकार ने दिलाई आपातकाल की याद, संजय सेठ का बड़ा हमला
साहिबगंज-पाकुड़-दुमका का जिक्र कर घेरा
कांग्रेस ने भाजपा से साहिबगंज, पाकुड़ और दुमका का नाम लेकर पूरे समुदाय को कटघरे में खड़ा नहीं करने की अपील की। राकेश सिन्हा ने कहा कि कुछ कथित मामलों को आधार बनाकर लाखों नागरिकों की निष्ठा और नागरिकता पर सवाल उठाना भाजपा की कथित बांटने वाली राजनीति का नया संस्करण है।
‘घुसपैठिए हैं तो नाम-पता और प्रमाण बताएं’
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उसे वास्तव में घुसपैठियों की चिंता है तो वह नाम, पता, प्रमाण और कार्रवाई का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करे। केवल ‘घुसपैठिया-घुसपैठिया’ चिल्लाने से कोई भारतीय घुसपैठिया नहीं हो जाता।
महंगाई-बेरोजगारी पर भी BJP को घेरा
राकेश सिन्हा ने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और युवाओं के सवालों से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास इन मुद्दों का जवाब नहीं है, इसलिए हर चुनाव में एक नया डर खड़ा किया जाता है, कभी धर्म का डर, कभी घुसपैठ का डर और अब SIR का डर। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनता अब इस ‘डर की दुकान’ का सामान खरीदने वाली नहीं है।
‘चुनाव आयोग भाजपा की राजनीतिक शाखा नहीं’
कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, भाजपा की राजनीतिक शाखा नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों को धमकाना, उनकी नीयत पर सवाल उठाना और पूरी प्रक्रिया को संदेह के घेरे में खड़ा करना भाजपा की बौखलाहट को दर्शाता है।
‘एक भी ठोस प्रमाण है तो सार्वजनिक करें’
राकेश सिन्हा ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उसके पास एक भी ठोस प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करे। धर्म के नाम पर लोगों को डराने और चुनावी माहौल को जहरीला बनाने से लोकतंत्र मजबूत नहीं होता।
पढ़ें :- छात्र विधानसभा के करीब पहुंचे, पुलिस ने वाटर कैनन का किया इस्तेमाल, प्रदर्शनकारियों ने किया रेन डांस
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।