नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली सरकार के मंत्री झूठ बोलने में माहिर हैं। अरविंद केजरीवाल के मंत्रियों को लगता है कि बार-बार झूठ बोलकर और विकास कार्यों पर झूठे दावे करके वे लोगों व दिल्लीवासियों को बहुत अच्छी तरह से गुमराह कर सकते हैं। मालूम हो कि दिल्ली में G-20 से संबंधित बुनियादी ढांचे का 95% विकास केंद्रीय निधि के माध्यम से किया गया है।
पढ़ें :- दिल्ली में 200 नई ई-बसों की सौगात, DTC का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा 5 हजार के पार
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चाहे प्रगति मैदान में भारत मंडपम हो या प्रगति मैदान और मथुरा रोड के आसपास विकसित सुरंग, सड़क व बुनियादी ढांचे को केंद्रीय निधि से विकसित किया गया है। प्रमुख सौंदर्यीकरण परियोजनाएं एनडीएमसी क्षेत्र में हैं और सभी केंद्र द्वारा वित्त पोषित हैं। शहीदी पार्क, राजघाट परिधीय क्षेत्र, असिता 2 रिवरसाइड बेड, धौला कुआं से एयरपोर्ट रोड सहित वेस्ट टू वंडर पार्क सभी केंद्रीय निधि से विकसित किए गए हैं।
श्री सचदेवा ने कहा है कि यह चौंकाने वाला है कि सौरभ भारद्वाज ने यह झूठा दावा किया है कि एमसीडी ने कई बाजारों का सौंदर्यीकरण किया है। उन्होंने सौरभ भारद्वाज से पिछले 9 महीनों में एमसीडी द्वारा सुशोभित किए गए एक बाजार का नाम बताने को कहा है।
दिल्ली का नया स्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की देन
श्री सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली को नया स्वरूप देने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का योगदान जबरदस्त है। इसे हवाई अड्डे से देखा जा सकता है, जहां से प्रतिनिधि भारत मंडपम पहुंचेंगे, जहां बैठकें होंगी। इसके विपरीत दिल्ली सरकार की विफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पहले तो वह सड़कों पर खूब पौधारोपण करने का दावा करती रही है, लेकिन अब वे प्रतिनिधियों और दिल्लीवासियों को गुमराह करने के लिए गमलों में पौधे लगा रही है।
पढ़ें :- मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: ₹13,041 करोड़ की रेलवे-हाईवे परियोजनाओं को मंजूरी
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अभी कल ही केंद्र की मोदी सरकार ने दिल्ली को 400 इलेक्ट्रिक बसें दी हैं। जबकि अरविंद केजरीवाल सरकार ने गत लगभग 9 वर्ष में एक भी बस नहीं खरीदी है। श्री सचदेवा ने कहा कि गत कुछ वर्षों में मंत्री आतिशी के पीडब्ल्यूडी विभाग की केवल एक उपलब्धि दिखाई देती है। वह है अरविंद केजरीवाल का अवैध शीश महल।