नागोया। एलावेनिल वलारिवन अपनी दो रजत पदक जीत की खुशी को पीछे छोड़कर अब अगले मुकाबले पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं। भारतीय निशानेबाज आइची-नागोया एशियाई खेलों में मिश्रित टीम 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। एलावेनिल ने रविवार को खेलों में यादगार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई और इसके बाद आइची प्रीफेक्चर जनरल शूटिंग गैलरी में व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक जीता।
पढ़ें :- PDA ढोंग है, सपा प्रमुख अखिलेश यादव दलित विरोधी : ओपी राजभर
हालांकि, मिश्रित टीम स्पर्धा अभी बाकी है। निशानेबाज ने कहा कि वह रविवार की प्रतियोगिता से मिली सीख को अपने साथ रखेंगी, लेकिन अगले दिन को एक नई शुरुआत के रूप में देखेंगी। मीडिया से बातचीत के दौरान IANS के सवाल के जवाब में एलावेनिल ने कहा, “मुझे लगता है कि आज की सफलता निश्चित रूप से ऐसी चीज है, जिसे मैं… आज से मिली सीख को मैं अपने साथ लेकर जाऊंगी, लेकिन कल फिर एक नया दिन है और मेरे लिए एक नई चुनौती है।”
उन्होंने कहा, “कल हमारा प्री-इवेंट ट्रेनिंग है और उसके अगले दिन मिश्रित युगल मुकाबला है। इसलिए मेरा लक्ष्य बस इतना है कि आज के मुकाबले को यहीं छोड़ दूं, इससे मिली सीख को अपने साथ रखूं और अगले मुकाबले की ओर बढ़ूं।” एलावेनिल ने कहा कि वह अपने दो पदकों को लेकर होने वाले जश्न को आगे की प्रतियोगिता से अपना ध्यान भटकाने नहीं देना चाहतीं। उन्हें पता है कि घर लौटने के बाद इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए उनके पास पर्याप्त समय होगा।
उन्होंने कहा, “बेशक, घर वापस लौटने के बाद मेरे पास जश्न मनाने के लिए काफी समय होगा।” एक और स्पर्धा बाकी होने के बीच एलावेनिल ने अपने प्रदर्शन को देख रहे युवा निशानेबाजों और खिलाड़ियों के लिए भी संदेश दिया। उन्होंने कहा, “मेरा संदेश यही होगा कि वे खुद पर विश्वास रखें। मेरा मतलब है कि मैं यह बात लगातार कहती रहती हूं, क्योंकि हाल के दिनों में मैं खुद भी ऐसा कर रही हूं यानी खुद पर विश्वास कर रही हूं। जब कोई खुद पर विश्वास करना शुरू कर देता है, तो मुझे लगता है कि उसे कोई रोक नहीं सकता। चाहे वह खेल हो, संस्कृति हो, शिक्षा हो या फिर कोई भी क्षेत्र जिसे वे चुनते हैं।”
उन्होंने कहा, “अगर उन्हें खुद पर भरोसा है कि वे जो हासिल करना चाहते हैं, उसे हासिल कर सकते हैं, तो मुझे लगता है कि यही सबसे बड़ी सीख है जो मैं दे सकती हूं।” इससे पहले व्यक्तिगत फाइनल में एलावेनिल स्वर्ण पदक के बेहद करीब पहुंच गई थीं। उन्होंने प्रतियोगिता के अधिकांश समय बढ़त बनाए रखी, लेकिन जापान की हिनाता ताइची ने निर्णायक प्रदर्शन करते हुए 253.0 के एशियाई खेलों के रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीत लिया। एलावेनिल ने 252.4 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया। उन्होंने सोनम उत्तम मस्कर और विदारसा के. विनोद के साथ टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत पदक दिलाने में मदद की। (आईएएनएस)
पढ़ें :- UCC भारतीय संविधान के कई अनुच्छेदों का उल्लंघन करता है : ओवैसी
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।