झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में सोमवार सुबह दिल दहलाने वाली घटना हो गई। एक सनकी युवक ने कमरे में सो रहे अपने माता-पिता और छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर वह गांव में घूम रहा था। जब लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने कुएं में कूदकर जान दे दी।
पढ़ें :- कभी यूपी में निवेश से कतराते थे उद्योगपति, आज 50 लाख करोड़ के प्रस्ताव : CM योगी
पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। जबकि तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। माता-पिता की स्थित नाजुक बनी है। पूरी घटना रक्सा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव की है। उधर, घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पूरा मामला
राजापुर गांव निवासी दिनेश समेले (52) पत्नी प्रवेश (48) समेत दो पुत्र राहुल, सुमित एवं पुत्री सोनिया के साथ गांव में रहकर खेती-किसानी करते हैं। पुत्री सोनिया के मुताबिक पिता दिनेश, मां प्रवेश एवं सुमित एक कमरे में सोए हुए थे जबकि सुबह करीब छह बजे भाई राहुल उसके साथ हैंडपंप में पानी भरने गया था। रात में पिता ने राहुल को फटकार लगाई थी। इस बात से राहुल चिढ़ा हुआ था। हैंडपंप से लौटने के बाद उसने कमरे में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सो रहे पिता दिनेश के ऊपर दनादन कई वार कर डाले। दिनेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
चीख-चिल्लाहट सुनकर मां प्रवेश की नींद टूट गई। प्रवेश ने पति को बचाने की कोशिश की। राहुल ने उनके ऊपर भी दनादन कई वार करके घायल कर दिया। भाई सुमित भी बचाने को आगे आया तब राहुल ने भाई के सिर, हाथ एवं पांव पर कुल्हाड़ी से वार करके उसे भी अधमरा कर दिया। राहुल के सिर पर खून सवार देखकर बहन सोनिया सहम उठी। वह अपने कमरे में जा छुपी। खून से सनी कुल्हाड़ी लहराता हुआ राहुल बाहर निकला। आसपास के लोगों ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तब वह घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित शंकर जी की बवाड़ी में कूदकर जान दे दी।
पढ़ें :- लखीमपुर खीरी हिंसा मामला : सुप्रीम कोर्ट ने आशीष मिश्रा को दीपावली पर परिवार से मिलने की दी इजाजत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। थोड़ी ही देर में भारी पुलिस बल मौके पर जा पहुंचा। तीनों मरणासन्न हाल में घर के अंदर पड़े थे। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुुताबिक सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे वजह के लिए छानबीन कराई जा रही है।