चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी पंजाब में संगठन को मजबूत करने में लगी है। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए कई लोगों को संगठन में नई जिम्मेदारियां दी गईं हैं। इसके तहत विधायक बुधराम को पंजाब इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बुधराम बुढलाडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
पढ़ें :- पंजाबः सुशील रिंकू और शीतल अंगूराल का भाजपा में स्वागत: मनोरंजन कालिया
चार प्रदेश उपाध्यक्षों के भी नाम की घोषणा
पार्टी ने उनके साथ ही चार प्रदेश उपाध्यक्षों समेत छह और पदाधिकारियों के नाम की भी घोषणा की है। बटाला से विधायक अमनशेर सिंह कलसी, उरमार से विधायक जसवीर सिंह राजा गिल, मुक्तसर से विधायक जगदीप सिंह काका बरार और खन्ना से विधायक तरुणप्रीत सिंह सौंड को आप का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा पार्टी नेता जगरूप सिंह सेखवान को प्रदेश महासचिव, वहीं धरमकोट से विधायक देविंदरजीत सिंह लड्डी को पार्टी की युवा इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर सभी नए पदाधिकारियों को बधाई दी।