वाराणसी। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के दरोगा को वर्दी का धौंस दिखाना महंगा पड़ गया। शिकायत पर पुलिस कमिश्नर ने दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए। घटना वाराणसी के आदमपुर जोन के लल्लापुरा इलाके की है।
पढ़ें :- खेल जगत में शोक की लहर, एशियन पैरा गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज यादव ने की आत्महत्या
छत से कूड़ा फेंकने का पीड़ित ने किया था विरोध
मामला यह था कि दरोगा की पत्नी ने छत से कूड़ा फेंक दिया, जिस पर सफाईकर्मी ने विरोध जताया। महिला को यह बात नागवार लगी और उसने इसकी शिकायत अपने दरोगा पति से कर दी। बस फिर क्या था, दरोगा जी ने पत्नी को खुश करने के लिए सफाईकर्मी को पकड़ लिय़ा। पहले तो जमकर गालियां दी, फिर थाने ले जाकर जमकर पीटा। इससे भी तसल्ली नहीं हुई तो धारा 151 में चालान कर जेल भेज दिया।
यह बात जब साथी सफाईकर्मियों को पता चली तो उनमें आक्रोश फैल गया। मामले के तूल पकड़ने पर आक्रोशित सफाईकर्मियों ने नगर निगम के मुख्यालय पर धरना दे दिया। आनन-फानन में मंगलवार देर रात पुलिस कमिश्नर ने दरोगा को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए।