‘कच्चा बादाम गर्ल’ के नाम से चर्चित अभिनेत्री अंजलि अरोड़ा कानूनी विवाद में घिर गई हैं। कानपुर में एसीजेएम 5 की कोर्ट में मंगलवार को उनके खिलाफ कथित धोखाधड़ी, मानहानि, धमकी देने और गलत जानकारी देने के आरोपों को लेकर मुकदमा(परिवाद) दर्ज कराया गया है।
Updated Date
Kanpur: सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ‘कच्चा बादाम गर्ल’ के नाम से चर्चित अभिनेत्री अंजलि अरोड़ा कानूनी विवाद में घिर गई हैं। कानपुर में एसीजेएम 5 की कोर्ट में मंगलवार को उनके खिलाफ कथित धोखाधड़ी, मानहानि, धमकी देने और गलत जानकारी देने के आरोपों को लेकर मुकदमा(परिवाद) दर्ज कराया गया है। मामले में कोर्ट ने परिवादी के बयान दर्ज करने के लिए 5 नवंबर की तारीख निर्धारित की है।
यह मामला 15 अक्टूबर का है और कानपुर के लाजपत भवन लॉन में आयोजित ‘नगाड़ा नाइट्स’ कार्यक्रम से जुड़ा है। परिवाद दाखिल करने वाले कानपुर देहात निवासी आशीष कुमार डिजिटल मार्केटिंग कंपनी चलाते हैं। उनका आरोप है कि कार्यक्रम में अंजलि अरोड़ा को 45 मिनट की प्रस्तुति देनी थी, लेकिन उन्होंने तय समय और शर्तों के अनुसार कार्यक्रम नहीं किया। शोर बैंड के संचालक अमन निगम और इवेंट प्लानर अनुभव राज भी आयोजकों में शामिल थे।
परिवादी की ओर से अदालत में दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए अंजलि अरोड़ा की मैनेजर प्रीति दुबे से बातचीत हुई थी। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच तीन लाख रुपये में शो कराने की सहमति बनी थी।
आरोप के अनुसार, समझौता तय होने के बाद आयोजकों ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2.75 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके अलावा अंजलि अरोड़ा और उनकी टीम के चार सदस्यों के लिए हवाई टिकट, ठहरने और खाने की व्यवस्था भी की गई थी। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम के प्रायोजकों को सम्मानित करने की भी योजना थी।
आशीष कुमार की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार, 15 अक्टूबर की शाम अंजलि अरोड़ा कानपुर पहुंच गई थीं, लेकिन वह निर्धारित समय पर मंच पर नहीं आईं। उन्हें रात 9 बजे से 9:45 बजे तक प्रस्तुति देनी थी। हालांकि, परिवाद में दावा किया गया है कि वह रात करीब 9:45 बजे मंच पर पहुंचीं और लगभग 12 मिनट तक ही प्रस्तुति दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद अंजलि अरोड़ा की कार्यक्रम के प्रबंधन से जुड़े लोगों के साथ कहासुनी हुई और वह कार्यक्रम छोड़कर चली गईं। आयोजकों का कहना है कि इस घटनाक्रम के चलते कार्यक्रम प्रभावित हुआ और प्रायोजकों ने तय रकम का पूरा भुगतान नहीं किया।
परिवाद में कार्यक्रम आयोजकों ने अंजलि अरोड़ा के इस व्यवहार के कारण करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होने का दावा किया है। उनका कहना है कि आयोजन पर खर्च करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित आर्थिक लाभ नहीं मिला। इसी विवाद के बाद अंजलि अरोड़ा को 1.20 करोड़ रुपये की मानहानि का कानूनी नोटिस भेजे जाने की बात भी सामने आई।
अब इस मामले में कानपुर की एसीजेएम-5 कोर्ट में मुकदमा दाखिल किया गया है। अधिवक्ता करीम अहमद सिद्दीकी के अनुसार, अदालत ने वादी के बयान दर्ज करने के लिए 5 नवंबर की तारीख तय की है। फिलहाल, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। अदालत में वादी के बयान दर्ज होने और आगे की न्यायिक प्रक्रिया के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
✍️Satyam Kushwah
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।