नई दिल्ली। दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को बढ़ाने के उद्देश्य से दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने रविवार को नए बस रूट 990सी का शुभारंभ किया। उन्होंने एक कार्यक्रम में बवाना चौक पर इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पढ़ें :- दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के लिए विंटर एक्शन प्लान तैयार, 1 नवंबर से 28 फरवरी तक बरतनी होंगी ये सावधानियां
इस नए बस मार्ग के शुरू होने से दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बवाना गांव, बवाना औद्योगिक क्षेत्र, बरवाला, पूठ खुर्द, प्रह्लादपुर और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को रिठाला मेट्रो स्टेशन आने-जाने में आसानी होगी। इस अवसर पर बोलते हुए परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा, “मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कुशल नेतृत्व में, हम दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को बेहतरीन बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस दिशा में हम लगातार काम कर रहे हैं।
990C बस मार्ग की शुरुआत दिल्ली के नागरिकों के लिए सुविधाजनक विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन विकल्प प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस बस रूट के शुरू होने से बवाना गांव, बवाना औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के गांवों बरवाला, पूठ खुर्द और प्रहलादपुर में रहने वाले लोगों को आने-जाने के लिए बेहतर परिवहन विकल्प उपलब्ध होंगे।”