कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 8 जुलाई को पंचायत चुनाव होना है। लेकिन इसके पहले ही हिंसा का दौर जारी है। इस दौरान काफी जान-माल का नुकसान हुआ है। पंचायत चुनाव जीतने के लिए सभी पार्टियों ने जोर लगा रखा है।
पढ़ें :- समंदर लौट आयाः देवेंद्र फडणवीस ने तीसरी बार ली महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ
हर कोई अधिक से अधिक सीट जीतकर सूबे में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना चाहता है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में गोलीबारी और विस्फोट में तीन लोगों की जान चली गई।
24 परगना में टीएमसी कैंडिडेट के पिता की हत्या कर दी गई। मुर्शिदाबाद जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता को गोली मारी गई। वहीं 24 परगना में ही क्रूड बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि पुरुलिया में भाजपा नेता का शव मिला है। पंचायत चुनाव के लिए नामांकन शुरू होने के बाद यानि 9 जून के बाद अब तक हिंसक घटनाओं में 10 लोग मारे जा चुके हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 52 साल के टीएमसी कार्यकर्ता जियारुल मोल्ला की शनिवार को फुलमलंचा इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह कथलबेरिया ग्राम पंचायत में टीएमसी उम्मीदवार मनवारा के पिता थे।
पुलिस को सोमवार को पुरुलिया जिले के बोडो इलाके से बंकिम हांसदा नाम के भाजपा नेता का शव मिला है। मुर्शिदाबाद जिले के समसेरगंज में रविवार रात कांग्रेस कार्यकर्ता आरिफ शेख को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हैं।
पढ़ें :- अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावः खुद को यहूदी विरोधी बताने पर डोनाल्ड ट्रंप पर भड़कीं कमला हैरिस, बहस के मंच पर मिलने की दीं चुनौती
घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समसेरगंज में सड़कों पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस नेता बी शेख ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे तृणमूल का हाथ है। तृणमूल ने इससे इनकार किया है। जबकि नॉर्थ 24 परगना जिले के हरोआ इलाके में रविवार रात क्रूड बम बनाने के दौरान विस्फोट हो गया।
पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। राज्य में पंचायत चुनाव की वोटिंग से पहले सेंट्रल फोर्सेज की 822 कंपनियां तैनात की गई हैं। 8 जुलाई को पंचायत चुनाव के लिए मतदान होगा और 11 जुलाई को परिणाम आएगा।