गाजीपुर। यूपी में योगी सरकार की सख्ती से माफिया मुख्तार अंसारी के सहयोगियों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। उसके गुर्गे और आईएस- 191 के सक्रिय सदस्य जाकिर हुसैन उर्फ विक्की की डेढ़ करोड़ की संपत्ति को पुलिस प्रशासन ने रविवार को कुर्क कर लिया। उसकी संपत्ति सदर कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद में स्थित थी।
पढ़ें :- खेल जगत में शोक की लहर, एशियन पैरा गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज यादव ने की आत्महत्या
प्रशासन ने यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत की है। 11 जून को जंगीपुर के थानाध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट भेजी थी। जिसके मुताबिक आईएस-191 गैंग के सरगना मुख्तार अंसारी का सहयोगी व मुस्तफाबाद निवासी जाकिर हुसैन उर्फ विक्की ने एक गिरोह बनाकर आपराधिक कार्य के जरिए बेनामी अचल संपत्ति बनाई है।
थानाध्यक्ष की इस रिपोर्ट पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संस्तुति दी। इसके बाद जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने गैंगेस्टर एक्ट के तहत कुर्की का आदेश दिया। इसी क्रम में तहसीलदार सदर लालजी विश्वकर्मा और सीओ सिटी गौरव सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने मुनादी कराकर डेढ़ करोड़ कीमत की भूमि व भवन को कुर्क कर लिया।
विक्की उर्फ जाकिर हुसैन वर्तमान में जिला कारागार में बंद हैं। उसके खिलाफ नंदगंज और शहर कोतवाली में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं। शहर कोतवाली में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट तहत भी मुकदमा दर्ज है।