जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश के खिलाफ हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इकलौते टेस्ट मैच में मंगलवार को पारी और 85 रन के अंतर से जीत दर्ज की। सिर्फ तीन दिनों तक चले इस मुकाबले में मेजबान टीम के ओपनर इनोसेंट काइया ने बल्ले से जलवा बिखेरा, जबकि बांग्लादेशी खेमे से तैजुल इस्लाम ने हार के बावजूद अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 140 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 36 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। यहां से मोमिनुल हक ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (19) के साथ तीसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचाया। मोमिनुल हक ने 12 चौकों के साथ 60 रन की पारी खेली, लेकिन इस टीम के सिर्फ 3 ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके। विपक्षी खेमे से न्यूमैन न्याम्हुरी ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजारबानी और ब्रैड इवांस ने 2-2 विकेट निकाले।
पढ़ें :- श्रेयस अय्यर की बतौर बल्लेबाज इंग्लैंड टी20 सीरीज में कड़ी परीक्षा होगी: चेतेश्वर पुजारा
जिम्बाब्वे के बल्लेबाज इनोसेंट काइया ने खेली 140 रनों की शानदार पारी
इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने अपनी पहली पारी में 410 रन बनाकर 270 रन की विशाल लीड हासिल कर ली। इस टीम को इनोसेंट काइया और बेन करन की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। बेन 5 चौकों के साथ 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद काइया ने ब्रैंडन टेलर (17) के साथ 54 रन, जबकि ब्रायन बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बेनेट 67 गेंदों में 9 चौकों के साथ 59 रन बनाकर आउट हुए, जबकि काइया ने 17 चौकों के साथ 140 रन की पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक रहा। इनके अलावा, क्रेग इर्विन ने 60 रन और वेस्ली मधेवेरे ने 77 रन की पारी खेली। मेहमान टीम की तरफ से तैजुल इस्लाम ने 138 रन देकर 7 शिकार किए, जबकि खालिद अहमद ने 2 विकेट निकाले।
गेंदबाजी से मुजारबानी ने बांग्लादेशी टीम पर बरपाया कहर
दूसरी पारी में बांग्लादेशी टीम बेहद दबाव में नजर आई। महज 22 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाने के बाद बांग्लादेश ने 46 रन तक तीन विकेट खो दिए थे। इसके बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने मुशफिकुर रहीम के साथ चौथे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए बांग्लादेश को परेशानी से उबारने की कोशिश की, लेकिन टीम सिर्फ 185 रन पर सिमट गई। शांतो 4 चौकों के साथ 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रहीम ने 34 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, अमिते हसन ने 25 रन जुटाए। मेजबान खेमे से मुजारबानी ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए। रिचर्ड नगारवा ने 3 विकेट निकाले। इकलौते टेस्ट मुकाबले के बाद बांग्लादेश और जिम्बाब्वे की टीमें 3 वनडे मुकाबले और इतने ही टी20 मैचों की सीरीज खेलेंगी।
पढ़ें :- एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कौर के कंधों पर गोल्ड बचाने की जिम्मेदारी
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।