आगरा, 09 जनवरी। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को लेकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने रविवार को लाइसेंसधारी फोटोग्राफर्स और गाइड्स के लिए नई गाइड लाइन जारी की है। इस गाइडलाइन्स के तहत अब फोटोग्राफर्स और गाइड बिना पर्यटक ताज महल और उसके आसपास बने स्मारकों में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। अंदर और बाहर जाने के लिए उन्हें रजिस्टर में प्रविष्टि करना जरूरी होगा।
पढ़ें :- फाइलों की राजनीति: ED की रेड, ममता की एंट्री और सत्ता का खुला टकराव
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए लिया गया फैसला
कोरोना के लगातार बढ़ते हुए मामलों के मद्देनजर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने स्मारकों में भी बंदिशें लगाना शुरू कर दिया है। इसके मद्देनजर एएसआई विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन्स के अनुसार कोई भी लाइसेंसधारी फोटोग्राफर और गाइड बिना पर्यटक स्मारक में प्रवेश नहीं कर पायेगा।
लागू हुए नए नियम
फोटोग्राफर्स और गाइड्स को पर्यटक के साथ स्मारक में प्रवेश करते समय गेट पर प्रविष्टि करना अनिवार्य होगा। इस प्रविष्टि में उनका नाम, उनका रजिस्ट्रेशन नम्बर, मोबाइल नम्बर, आने-जाने का समय दर्ज कराना होगा। एएसआई विभाग के अनुसार यदि कोई फोटोग्राफर और गाइड अगर गाइडलाइन्स का पालन न करता हुआ पाया गया तो लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।