1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. जम्मू & कश्मीरः भारी बारिश से अमरनाथ यात्रा शनिवार को भी स्थगित, आधार शिविर से नए जत्थे को नहीं मिली इजाजत

जम्मू & कश्मीरः भारी बारिश से अमरनाथ यात्रा शनिवार को भी स्थगित, आधार शिविर से नए जत्थे को नहीं मिली इजाजत

कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी स्थगित कर दी गई। खराब मौसम के कारण दोनों ही मार्गों पहलगाम और बालटाल पर लगातार दूसरे दिन यात्रा को रोक दिया गया।

By Rajni 

Updated Date

जम्मू कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी स्थगित कर दी गई। खराब मौसम के कारण दोनों ही मार्गों पहलगाम और बालटाल पर लगातार दूसरे दिन यात्रा को रोक दिया गया। बारिश के कारण शनिवार सुबह श्रद्धालुओं को अमरनाथ गुफा की ओर जाने की इजाजत नहीं दी गई।

पढ़ें :- मिग-21: भारतीय आसमान का शेर, जिसने दुश्मनों को कांपने पर मजबूर किया, अब इतिहास का हिस्सा

श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद रहने के कारण जम्मू से श्रद्धालुओं के किसी भी नए जत्थे को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। तेज बारिश के कारण हुए भूस्खलन की वजह से यह राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। इससे पहले  कश्मीर में कई जगहों पर बारिश होने के कारण शुक्रवार को भी दोनों ही मार्गों पर अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई थी।

श्रद्धालुओं को बालटाल एवं नूनवान आधार शिविरों में ही रोक दिया गया था। इलाके में भारी बारिश के बाद यात्रा के बालटाल मार्ग पर भूस्खलन हुआ था। घाटी में यात्रा स्थगित होने और खराब मौसम को देखते हुए शनिवार सुबह जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से यात्रियों के किसी भी नए जत्थे को आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।

यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित होने के बाद पहलगाम आधार शिविर में भीड़ से बचने के लिए शुक्रवार को 4,600 तीर्थयात्रियों के एक जत्थे को रामबन जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे चंदेरकोट में रोका दिया गया था। अधिकारियों के मुताबिक सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं और रास्ते में पड़ने वाले पड़ावों पर शरण लिए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मौसम में सुधार के बाद यात्रा फिर से शुरू की जाएगी। मौसम विभाग ने रविवार तक पूरे जम्मू-कश्मीर में मानसूनी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गरज के साथ भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकारियों के अनुसार, बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके तीर्थयात्रियों की संख्या 80 हजार से अधिक हो गई है।

पढ़ें :- लालू परिवार में फूट: रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी सहित अन्य सदस्यों को किया अनफॉलो, राजनीतिक अटकलें तेज़

दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर की 62 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालटाल स्थित दोनों मार्गों से एक जुलाई को शुरू हुई थी। यह यात्रा 31 अगस्त को समाप्त होगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook, YouTube और Twitter पर फॉलो करे...
Booking.com
Booking.com