Surguja : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के काफिले का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी समेत तीन अन्य घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले के उदयपुर नर्सरी के करीब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव के काफिले का वाहन गुरुवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस घटना में मुख्य सुरक्षाकर्मी रविशंकर प्रसाद (55) की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी और वाहन चालक घायल हो गए.
पढ़ें :- 2027 से व्हाट्सएप और अन्य मैसेजिंग ऐप्स पर लागू हो सकते हैं नए नियम, सिम हटाते ही बंद हो सकता है अकाउंट एक्सेस
अंबिकापुर में शुक्रवार से बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होनी है. इसको लेकर प्रदेश भर के बीजेपी के बड़े नेता अंबिकापुर पहुंच रहे हैं. इसी बैठक में शामिल होने के लिए गुरुवार को बीजेपी सांसद और छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव अपने काफिले के साथ निकले थे. इसी बीच सरगुजा जिले के उदयपुर थाना इलाके में उनके काफिले में शामिल सेक्योरिटी की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई.
उदयपुर नर्सरी के करीब पहुंचने पर हुआ हादसा
अधिकारियों ने बताया कि जब साव का काफिला उदयपुर नर्सरी के करीब पहुंचा, तब पायलट वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.घटना की जानकारी मिलने के बाद उदयपुर पुलिस टीम तत्काल घाटनस्थल पर पहुंची. घायलों को 108 एंबुलेंस की टीम ईएमटी कृष्ण श्रीवास की टीम इलाज के लिए उदयपुर सीएचसी लेकर पहुंची. जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अंबिकापुर रेफर कर दिया गया. बता दें कि, हादसे के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, एसडीओपी अखिलेश कौशिक और थाना प्रभारी धीरेंद्र नाथ दुबे अस्पताल में मौजूद रहे. इस घटना में रविशंकर प्रसाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.