UP News : नोएडा में आयोजित हुए इंटरनेशनल ट्रेड शो में बांदा के प्रसिद्ध सोहन हलवे का जबरदस्त जलवा देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना ‘एक जनपद एक व्यंजन’ में शामिल बांदा के सोहन हलवे की इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर न केवल खूब सराहना हुई बल्कि इसकी जमकर खरीदारी भी की गई।
पढ़ें :- UP News : शंकराचार्य के अपमान पर अखिलेश यादव बोले - सत्ता का अहंकार चूर-चूर करेगा सनातन समाज
विदेशी मेहमानों को भाया बांदा का पारंपरिक स्वाद
इंटरनेशनल ट्रेड शो के हॉल नंबर 16 के स्टॉल संख्या 7/4 में बांदा के व्यवसायी दीपक सोनी ने अपना स्टॉल लगाया था। उन्होंने बताया कि इस वैश्विक मंच पर सोहन हलवे को खूबसूरती से सजाकर प्रदर्शित किया गया था। इस पारंपरिक मिठाई का स्वाद चखने के लिए न केवल देश के विभिन्न राज्यों बल्कि विदेशों से भी लोग खिंचे चले आए। दीपक सोनी के मुताबिक उनके स्टॉल पर जापान, नाइजीरिया समेत कई देशों के खरीदार पहुंचे। विदेशी मेहमानों को सोहन हलवे का अनूठा स्वाद बेहद पसंद आया और उन्होंने इसकी सराहना करते हुए खूब खरीदारी की।
60 किलो हलवा बिका, 50 हजार रुपये की हुई कमाई
दीपक ने बताया कि वह बांदा से लगभग 60 किलोग्राम सोहन हलवा लेकर ग्रेटर नोएडा गए थे। अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर इसकी मांग इतनी अधिक रही कि देखते ही देखते इंटरनेशनल ट्रेड शो के खत्म होने से पहले ही पूरा स्टॉक खत्म हो गया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से उन्होंने लगभग 50 हजार रुपये की बिक्री की। कई बड़े बायर्स और रिटेलर्स ने भी स्टॉल का दौरा किया और भविष्य में व्यापारिक साझेदारी के लिए सोहन हलवे की गुणवत्ता को सराहा।
दीपावली पर ऑनलाइन ऑर्डर की तैयारी
ट्रेड शो में पहुंचे कई ग्राहकों को इस मिठाई का स्वाद इतना लाजवाब लगा कि उन्होंने आने वाले दीपावली त्योहार के लिए अभी से बुकिंग की इच्छा जताई। कई खरीदारों ने दीपक सोनी से मोबाइल नम्बर लिये और कहा कि वे इस दीपावली पर बांदा का सोहन हलुआ मंगवाएंगे।
योगी सरकार की मुफ्त स्टॉल पहल की हुई सराहना
व्यवसायी दीपक सोनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें इतने बड़े अंतर्राष्ट्रीय मंच पर मुफ्त में स्टॉल लगाने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े ट्रेड शो में स्टॉल लगाना छोटे व्यापारियों के लिए बहुत बड़ी बात होती है। योगी सरकार की इस मदद के बिना हमारे जैसे स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलना नामुमकिन था। इस आयोजन ने साबित कर दिया है कि सरकार की नीतियां स्थानीय शिल्प और व्यंजनों को वैश्विक बाजार देने में पूरी तरह सफल सिद्ध हो रही हैं।
पढ़ें :- RLD ने शुरू किया 'कैंपस कनेक्ट' अभियान, 31 अक्टूबर को मेरठ में होगी बड़ी छात्र पंचायत
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।